Lucknow double murder case:उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक सनसनीखेज डबल मर्डर का खुलासा हुआ है। पुलिस और क्राइम ब्रांच ने मड़ियांव थाना क्षेत्र के चर्चित दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य मास्टरमाइंड समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह पूरी वारदात महज 60 से 70 लाख रुपये के लालच में रची गई थी।
जमीन खरीदने के बहाने रची गई साजिश
Lucknow double murder case:पुलिस जांच में सामने आया है कि केजीएमयू (KGMU) के ऑर्थोपेडिक विभाग में असिस्टेंट नर्सिंग सुपरिटेंडेंट के पद पर तैनात पवन गर्ग जमीन खरीदने की योजना बना रहे थे। इसके लिए उनके पास करीब 60 से 70 लाख रुपये थे। मुख्य आरोपी नितिन मिश्रा उर्फ डब्लू, जो पवन का परिचित था, इस बात की पूरी जानकारी रखता था।
नितिन ने पवन से जमीन में निवेश के नाम पर संपर्क किया और उन्हें जमीन दिखाने के बहाने इटौंजा बुला लिया। पवन अपने साथी सचिन विश्वकर्मा के साथ अपनी ब्रेजा कार से वहां पहुंचे थे।
बंधक बनाकर की गई थी मारपीट
Lucknow double murder case:आरोपियों ने तय योजना के मुताबिक पहले एक ढाबे पर साथ में खाना खाया और शराब पी। इसके बाद दोनों को इटौंजा स्थित एक निर्माणाधीन मकान में ले जाकर बंधक बना लिया गया। आरोपियों ने उनसे 60-70 लाख रुपये की फिरौती और रकम की मांग करते हुए पूरी रात बेरहमी से पिटाई की। हालांकि, तमाम शारीरिक प्रताड़ना के बाद भी पवन ने पैसे का ठिकाना नहीं बताया।
गला घोंटकर शव नदी में फेंके
Lucknow double murder case:रकम न मिलने से गुस्साए आरोपियों ने अगली सुबह दोनों की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद मृतकों के पास से सोने की चेन और अंगूठी लूट ली गई। साक्ष्य छिपाने के लिए आरोपियों ने दोनों शवों को कार में लादकर सीतापुर में घाघरा नदी में फेंक दिया।
फिलहाल, लखनऊ और सीतापुर पुलिस की संयुक्त टीमें घाघरा नदी में दोनों शवों की तलाश कर रही हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान और मृतक की ब्रेजा कार सीतापुर से बरामद कर ली है।
पुलिस गिरफ्त में पांचों आरोपी
Lucknow double murder case:इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड नितिन मिश्रा के अलावा उसके चार अन्य साथियों—अवनीश मौर्य, प्रकाश सिंह, सूरज सिंह और मोहित सिंह को भी दबोच लिया है। गौरतलब है कि परिजनों ने 27 सितंबर को मड़ियांव थाने में पवन गर्ग की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद से पुलिस लगातार मामले की तह तक पहुंचने में जुटी थी।

