GwaliorGwalior
Spread the love

रिपोर्टर: रविन्‍द्र सिंह

Gwalior : जनकगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत तारागंज इलाके में एक महिला की संदिग्ध मौत की गुत्थी पुलिस ने 11 दिन की तफ्तीश के बाद सुलझा ली है। जांच में यह मामला हत्या का निकला, जिसके बाद पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर की रात शराब के नशे और खाना न बनाने की बात को लेकर दंपती के बीच झगड़ा हुआ था। गुस्से में आकर आरोपी पति इमरान खान ने पत्नी रुखसार के साथ बेरहमी से मारपीट की और बाल पकड़कर उसका सिर दीवार पर पटक दिया। अगली सुबह रुखसार बिस्तर पर मृत अवस्था में पाई गई।

मारपीट के बाद रातभर कमरे में बंद रहा आरोपी

Gwalior जनकगंज थाने के तारागंज स्थित नालबंदों का मोहल्ला निवासी 32 वर्षीय रुखसार का शव 10 नवंबर की सुबह उसके कमरे में बिस्तर पर मिला था। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शुरुआती तौर पर मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया था। प्राथमिक निरीक्षण के दौरान ही महिला के शरीर पर चोटों के निशान दिखाई दिए थे, जिसके बाद पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया।

परिजनों के सामने की थी बेरहमी से पिटाई

Gwalior पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि 9 नवंबर की देर रात इमरान और रुखसार के बीच शराब पीने व भोजन बनाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। बात बढ़ने पर इमरान हिंसक हो गया और पत्नी को पीटने लगा। शोर सुनकर जब परिवार के सदस्य कमरे में पहुंचे, तो उन्होंने इमरान को रुखसार को थप्पड़ मारते और बाल पकड़कर उसका सिर दीवार से टकराते देखा। उस समय परिजनों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन कुछ देर बाद इमरान फिर से कमरे में दाखिल हुआ और अंदर से कुंडी लगा ली। पूरी रात कमरे में रहने के बाद अगली सुबह उसने बाहर आकर घरवालों को सूचना दी कि रुखसार कोई हरकत नहीं कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला हत्या का राज

Gwalior चिकित्सकीय पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि रुखसार की जान सिर में लगी गहरी और गंभीर चोट की वजह से गई है, जो किसी सख्त वस्तु से टकराने के कारण लगी थी। साथ ही शरीर पर मौजूद अन्य निशान भी मृत्यु से पूर्व की मारपीट के पाए गए। परिस्थितिजन्य साक्ष्यों, मेडिकल रिपोर्ट और परिवार वालों के बयानों के आधार पर जनकगंज पुलिस ने गुरुवार को आरोपी पति इमरान खान के विरुद्ध हत्या का प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

ये भी पढ़े: दतिया पुलिस के कॉम्बिंग गश्त अभियान में 12 स्थाई वारंटी गिरफ्तार, 49 वारंट तामील