JamtaraJamtara
Spread the love

रिपोर्टर: रतन कुमार

Jamtara : पुलिस ने साइबर अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। पुलिस जांच के मुताबिक, यह गिरोह अलग-अलग पैंतरों से लोगों को शिकार बनाकर विभिन्न राज्यों में ऑनलाइन ठगी की वारदातें करता था।

अलग-अलग गांवों से हुई चारों आरोपियों की गिरफ्तारी

Jamtara पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के देवलबाड़ी गांव में दबिश देकर समरेश मंडल (25) और प्रलाध कुमार मंडल (26) को गिरफ्तार किया। इसके बाद नारायणपुर थाना क्षेत्र के विष्टोपुर गांव से खगेन दां (22) तथा जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव से उत्तम नाग (37) को पकड़ा गया।

ई-चालान APK, बैंक कॉल और फर्जी कैशबैक से ठगी

Jamtara पुलिस के अनुसार, आरोपियों के ठगी करने के तरीके अलग-अलग थे:

  • RTO ई-चालान की आड़ में सेंध: समरेश मंडल और प्रलाध कुमार मंडल व्हाट्सएप पर RTO ई-चालान के नाम से APK फाइल भेजते थे। फाइल डाउनलोड होते ही फोन का संवेदनशील डेटा चुराकर ई-वॉलेट के जरिए रकम उड़ा ली जाती थी।
  • बैंक अधिकारी बनकर कॉल: खगेन दां खुद को बैंककर्मी बताकर लोगों को फोन करता और कार्ड नंबर, सीवीवी व ओटीपी लेकर फर्जी खातों और ई-वॉलेट में पैसे ट्रांसफर कर लेता था।
  • नकली कैशबैक का झांसा: उत्तम नाग फोन-पे पर 2,999 रुपये कैशबैक का फर्जी मैसेज भेजकर लोगों को उसे क्लेम करने के लिए प्रेरित करता और फर्जी एप के जरिए ठगी करता था।

पुराना आपराधिक रिकॉर्ड और दर्ज प्राथमिकी

Jamtara पुलिस ने बताया कि समरेश मंडल के विरुद्ध साइबर थाने में कांड संख्या 35/22 पहले से दर्ज है, जबकि खगेन दां का नाम कांड संख्या 70/21 और 56/25 में भी सामने आ चुका है। ताजा मामले में साइबर थाना कांड संख्या 74/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS), आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक नितिश कुमार, अवर निरीक्षक हीरालाल महतो व रिजर्व गार्ड के जवान शामिल रहे।

ये भी पढ़े: EPFO के नियमों में संभावित बड़े बदलाव: 55 साल से पहले 90% निकासी और किस्तों में भुगतान की तैयारी