BhopalBhopal
Spread the love

रिपोर्टर: रंजीत सिंह

Bhopal : मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों को बड़ी सौगात देते हुए शुक्रवार, 20 नवंबर को वर्ष 2027 का संभावित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। प्रदेश सरकार द्वारा 2027 को ‘युवा वर्ष’ घोषित किए जाने और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के अनुरूप इस बार एक ही साल में दो राज्य सेवा परीक्षाएं आयोजित करने का कार्यक्रम तय किया गया है। जारी किए गए टेंटेटिव शेड्यूल में कुल 25 प्रमुख भर्ती व पात्रता परीक्षाओं की संभावित तिथियां शामिल की गई हैं।

दो राज्य सेवा परीक्षाओं का पूरा शेड्यूल और चयन प्रक्रिया

Bhopal आयोग के कैलेंडर के अनुसार, वर्ष 2027 की नियमित राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 24 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी, जबकि इसकी मुख्य परीक्षा 10 से 15 मई के बीच प्रस्तावित है। इसका परिणाम अगस्त तक जारी कर सितंबर-अक्टूबर में साक्षात्कार लिए जाने की संभावना है। दूसरी ओर, विशेष राज्य सेवा परीक्षा (स्पेशल पीएससी) 2027 की प्रारंभिक परीक्षा 2 मई को होगी और इसकी मुख्य परीक्षा 9 से 14 अगस्त के मध्य संभावित है। इस विशेष परीक्षा का परिणाम नवंबर तक घोषित कर दिसंबर में इंटरव्यू के जरिए चयन प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

कैलेंडर में शामिल अन्य प्रमुख भर्ती परीक्षाओं की तिथियां

Bhopal राज्य सेवा परीक्षा के साथ-साथ आयोग ने विभिन्न विभागों की अन्य महत्वपूर्ण परीक्षाओं की तिथियां भी स्पष्ट कर दी हैं:

  • 14 फरवरी: स्टेट इंजीनियरिंग परीक्षा 2027
  • 7 मार्च: राज्य पात्रता परीक्षा (SET) 2027
  • 18 अप्रैल: पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ, सहायक लोक अभियोजन अधिकारी (ADPO) और उप संचालक/प्राचार्य वर्ग-2 परीक्षा
  • 25 अप्रैल: राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा 2027
  • 30 मई: सहायक कुलसचिव परीक्षा 2027
  • 27 जून: आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी परीक्षा 2027
  • 4 जुलाई: असिस्टेंट प्रोफेसर, ग्रंथपाल और क्रीड़ा अधिकारी परीक्षा 2027
  • 25 जुलाई: सहायक प्रबंधक और खनिज इंस्पेक्टर परीक्षा 2027
  • 1 अगस्त: खाद्य सुरक्षा अधिकारी परीक्षा 2027
  • 26 सितंबर: वैज्ञानिक अधिकारी और कराधान सहायक परीक्षा 2027
  • 17 अक्टूबर: व्याख्याता (पॉलीटेक्निक महाविद्यालय) परीक्षा 2027

ओबीसी आरक्षण की पेंच और टाइट शेड्यूल से बढ़ी चुनौती

Bhopal कैलेंडर जारी होने के बाद अब अभ्यर्थियों की नजरें 24 जनवरी को होने वाली परीक्षा के विज्ञापन पर टिकी हैं, जो सामान्यतः परीक्षा से करीब 50 दिन पहले यानी नवंबर के अंत या दिसंबर की शुरुआत में आना चाहिए। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट में लंबित ओबीसी आरक्षण के मामले को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है कि भर्ती 14 प्रतिशत आरक्षण पर निकलेगी या 27 प्रतिशत व 87-13 फॉर्मूले के आधार पर। इसके अलावा, बेहद कम अंतराल पर लगातार परीक्षाएं होने से अभ्यर्थियों के सामने टाइम मैनेजमेंट की बड़ी चुनौती भी खड़ी हो गई है, क्योंकि 25 अप्रैल को वन सेवा मेंस, 2 मई को स्पेशल प्री और 10 मई से नियमित मुख्य परीक्षा निर्धारित है। दूसरी तरफ, यदि 2025 और 2026 की रुकी हुई चयन सूचियां भी अगले साल जारी होती हैं, तो अभ्यर्थियों को 2027 में चार अंतिम मेरिट लिस्ट देखने को मिल सकती हैं।

ये भी पढ़े: ग्वालियर में 11 दिन बाद महिला की संदिग्ध मौत का खुलासा, हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार