DatiaDatia
Spread the love

रिपोर्टर: शिवम तिवारी

Datia : जिले के भांडेर-उन्नाव रोड बाईपास के पास शासकीय भूमि पर अवैध प्लॉटिंग किए जाने के मामले में राजस्व प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए लगभग तीन बीघा जमीन को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया है। जिला कलेक्टर स्वप्निल वानखंडे के निर्देशों के तहत तहसीलदार अजय झा ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन से अवैध कब्जे हटवाए। इस कार्रवाई से क्षेत्र में शासकीय भूमि पर नजर गड़ाए बैठे भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया।

नोटिस के बावजूद नहीं हटाया गया था कब्जा

Datia प्रशासन को भांडेर-उन्नाव रोड बाईपास स्थित सर्वे नंबर 257 की लगभग तीन बीघा सरकारी जमीन पर अवैध प्लॉटिंग और उसकी बिक्री किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। प्रकरण में तहसीलदार की ओर से विनोद केवट, धर्मेंद्र माझी और एक महिला को नोटिस भेजकर जमीन खाली करने के लिए कहा गया था। निर्धारित समय के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने सीधे मैदान में उतरकर कार्रवाई करने का निर्णय लिया।

राजस्व अमले की मौजूदगी में चला जेसीबी

Datia स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार अजय झा के मार्गदर्शन में राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी से अवैध निर्माण और प्लॉटिंग की सीमाओं को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान राजस्व निरीक्षक (RI) मनोज श्रीवास्तव और पटवारी भगवान सिंह भी उपस्थित रहे। टीम ने करीब तीन बीघा शासकीय भूमि को अपने आधिपत्य में लिया। बताया जा रहा है कि मुक्त कराई गई इस जमीन का बाजार मूल्य लाखों रुपये में है।

आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई, एफआईआर की चेतावनी

Datia अतिक्रमण हटाने की मुहिम के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा, प्लॉटिंग या उसकी खरीद-फरोख्त किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने चेताया कि यदि भविष्य में शासकीय भूमि को लेकर ऐसी गतिविधियां पाई गईं, तो कठोर कार्रवाई के साथ संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।

ये भी पढ़े: जींद में 2 लाख की रिश्वत लेते सहायक फोरमैन रंगे हाथ गिरफ्तार, हाथ धुलवाने पर लाल हुआ पानी