रिपोर्टर: प्रेम श्रीवास्तव
Jamshedpur : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर धार्मिक उत्साह और भक्तिमय माहौल के बीच सचखंड श्री हजूर साहिब यात्रा के लिए 400 श्रद्धालुओं का जत्था रवाना हुआ। रंगरेटा महासभा टाटानगर के अध्यक्ष मंजीत सिंह गिल के नेतृत्व में निकले इस जत्थे ने रवानगी से पूर्व स्टेशन परिसर में अरदास की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा जीवन सिंह जी के योगदान को याद करते हुए हाथों में तख्तियां लेकर धार्मिक नारे लगाए, जिससे पूरा स्टेशन परिसर भक्ति के माहौल में डूब गया।
अतिथियों और नेताओं ने दीं शुभकामनाएं
Jamshedpur जत्थे को विदा करने और शुभकामना देने के लिए राज्य की कई प्रमुख हस्तियां टाटानगर स्टेशन पहुंचीं। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री की पत्नी मीरा मुंडा और पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार ने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनकी यात्रा के सफल और सुखद होने की कामना की। इस मौके पर स्टेशन पर मौजूद अन्य रेल यात्रियों ने भी सिर ढककर श्रद्धालुओं के प्रति सम्मान प्रकट किया, जो आपसी भाईचारे और सौहार्द की एक सुंदर मिसाल बना।
सीजीपीसी ने अमर शहीद बाबा जीवन सिंह के त्याग को किया याद
Jamshedpur सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) के अध्यक्ष भगवान सिंह ने अपने संबोधन में अमर शहीद बाबा जीवन सिंह जी के अतुलनीय बलिदान और जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने संगत से अपील की कि 5 सितंबर को बाबा जीवन सिंह जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर सभी श्रद्धालु अपने घरों में दीपमाला सजाएं और दीपोत्सव मनाएं। कार्यक्रम का संचालन झारखंड एवं सेंट्रल गुरुद्वारा कमेटी के चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह ने किया।
बड़ी संख्या में संगत और गणमान्य लोग रहे मौजूद
Jamshedpurविदाई समारोह में शहर के विभिन्न गुरुद्वारों के प्रमुखों के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों से जुड़े कई लोग शामिल हुए। सीजीपीसी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा और सेंट्रल स्त्री सत्संग सभा की अध्यक्ष रविंदर कौर सहित सिख समाज की बड़ी संख्या में महिलाएं और अन्य श्रद्धालु स्टेशन पर मौजूद रहे। सभी ने संयुक्त रूप से अरदास कर तीर्थयात्रियों के सुरक्षित लौटने की प्रार्थना की।
ये भी पढ़े: सुपौल में राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जागरूकता रथ रवाना, 12 सितंबर को होगा मामलों का त्वरित निस्तारण

