रिपोर्टर: प्रताप सिंह बघेल
Morena : मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां चंबल नदी से भटककर एक विशालकाय मगरमच्छ बस्तियों के करीब पहुंच गया। यह खौफनाक घटना देवगढ़ थाना क्षेत्र के खुलावली गांव की है, जहां रात के अंधेरे में करीब 11 फीट लंबा मगरमच्छ एक ग्रामीण के घर के आंगन में दाखिल हो गया। रात में मवेशियों के लगातार रंभाने पर जब परिजन जागे, तो सामने इतने बड़े मगरमच्छ को देखकर उनके होश उड़ गए। कड़ी मशक्कत और वन विभाग की साढ़े तीन घंटे की लंबी रेस्क्यू कार्रवाई के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर वापस चंबल नदी में छोड़ दिया गया।
आधी रात आंगन में दिखा 11 फीट का विशालकाय मगरमच्छ
Morena खुलावली गांव में शाला चौकी के समीप स्थित खेत वाले घर में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 11 बजे यह घटना घटी। मगरमच्छ को देखते ही पूरे परिवार में दहशत फैल गई। पालतू मवेशियों को सुरक्षा देने और खुद का बचाव करने के लिए ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाई और लंबे डंडों की मदद से मगरमच्छ को आंगन से बाहर खदेड़ा। आंगन से बाहर निकलने के बाद मगरमच्छ वहीं पास में ही जम गया, जिससे ग्रामीणों की सांसें अटकी रहीं।
जालों को तोड़कर भागने की कोशिश, साढ़े तीन घंटे चला रेस्क्यू
Morena घटना की भनक लगते ही ग्रामीणों ने तुरंत डीएफओ एससी बघेल को सूचना दी। इसके बाद रात 12 बजे के आसपास चंबल घड़ियाल अभ्यारण्य की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। मगरमच्छ इतना शक्तिशाली और फुर्तीला था कि उसने बार-बार टीम की रस्सियों और सुरक्षा जालों को तोड़कर भागने की कोशिश की। करीब साढ़े तीन घंटे तक चले इस भारी मशक्कत भरे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तड़के 4 बजे उसे काबू में किया गया और राजघाट के पास चंबल नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
भोजन की तलाश में भटककर इंसानी बस्ती तक पहुंचा मगरमच्छ
Morena घड़ियाल अभ्यारण्य के केयरटेकर के अनुसार, चंबल नदी में मगरमच्छों की संख्या लगातार बढ़ रही है। भोजन की तलाश में यह मगरमच्छ नदी से निकलकर संभवतः किसी नजदीकी छोटे तालाब या नाले में गया होगा। वहां शिकार न मिलने के कारण वह रेंगते हुए नदी से लगभग चार किलोमीटर दूर गांव की इंसानी बस्ती तक आ पहुंचा। राहत की बात यह रही कि समय रहते रेस्क्यू कर लिया गया, जिससे कोई बड़ा हादसा होने से टल गया।
ये भी पढ़े: CJP नेताओं आशुतोष रांका और सौरव दास की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, क्राइम ब्रांच संभालेगी जांच की कमान

