रिपोर्टर: प्रदीप बंसल
Jirapur : मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के जीरापुर से एक बड़ी कामयाबी सामने आई है। जीरापुर पुलिस ने एक मकान में हुई 50 लाख रुपये की बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों पर शिकंजा कसा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 41 लाख रुपये नकद, एक अर्टिगा कार, दो मोटरसाइकिलें और चोरी में इस्तेमाल किया गया सब्बल बरामद कर लिया है। वारदात को अंजाम देने के लिए चोरों ने छतों का सहारा लिया था। फिलहाल पुलिस बाकी बचे 9 लाख रुपये की बरामदगी के लिए प्रयास कर रही है।
जमीन बिक्री के मिले 50 लाख रुपये दीवान में रखे थे, शादी में गए परिवार के पीछे हुई वारदात
Jirapur जीरापुर के माताजी मोहल्ला निवासी अब्दुल रईस ने अपनी जमीन 70 लाख रुपये में बेची थी, जिसमें से 50 लाख रुपये नकद उन्होंने अपने घर के पहली मंजिल वाले कमरे में रखे दीवान के अंदर संभालकर रखे थे। 15 अक्टूबर को पूरा परिवार राजस्थान के पचपहाड़ में एक सगाई समारोह में शामिल होने गया था। 16 अक्टूबर की देर रात जब परिवार वापस लौटा, तो घर का कुंडा टूटा हुआ था और दीवान में रखी पूरी रकम गायब थी। पीड़ित की शिकायत पर जीरापुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी।
छतों के रास्ते दाखिल हुए शातिर चोर, कब्रिस्तान और साथी के पास छिपाई नकदी
Jirapur सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस जब जांच में आगे बढ़ी, तो आरोपियों का सुराग मिला। शातिर चोरों ने आपस में जुड़ी पड़ोस की छतों का फायदा उठाकर घर में घुसपैठ की थी और दीवान से लाखों की नकदी पार कर दी। चोरी के बाद उन्होंने नीचे का मुख्य दरवाजा खोला और वापस छत के रास्ते ही फरार हो गए। चोरी की गई रकम को आरोपियों ने शुरुआत में अपने घर और कब्रिस्तान में छुपाया, जिसे बाद में अपने एक अन्य साथी के पास खिलचीपुर भिजवा दिया गया।
41 लाख रुपये समेत कार व बाइक बरामद, आरोपियों का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
Jirapur पुलिस कार्रवाई में सोहेल, फुजेल उर्फ फैजल, असमत उर्फ समर लाला और तौसीफ को गिरफ्तार किया गया है। सोहेल, फुजेल और असमत के पास से 13-13 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं, जबकि तौसीफ से 2 लाख रुपये मिले हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल हथियार और वाहन जब्त किए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार तीन आरोपियों का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। एसपी अमित तोलानी के निर्देशन में हुई इस सफल कार्रवाई के बाद अब शेष राशि की बरामदगी की कोशिशें जारी हैं।
ये भी पढ़े: ग्वालियर हादसे में बढ़ा मौतों का आंकड़ा: 52 घंटे तक चला इलाज, मोतीराम की मौत से मृतक संख्या 16 पहुंची

