रिपोर्टर: रतन कुमार
Jamtara : जिले के नारायणपुर थाना अंतर्गत पन्दनी गांव में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। पिछले कुछ दिनों से हो रही मुसलाधार बारिश की वजह से एक मकान की कच्ची दीवार अचानक ढह गई। हादसे के वक्त कमरे में सो रही आठ माह की गर्भवती महिला की दबकर मौत हो गई, जबकि उसका पति हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया है।
मलबे में दबा सो रहा दंपत्ति
Jamtara पन्दनी गांव के रहने वाले शंकर राय (32 वर्ष) अपनी गर्भवती पत्नी ललिता देवी के साथ मंगलवार आधी रात को घर में सो रहे थे। रात लगभग 12 बजे बारिश के कारण नम हो चुकी पास की ईंट की दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। जोरदार आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे पति-पत्नी को बाहर निकाला।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
Jamtara घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को नारायणपुर के पास स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक स्वास्थ्य सहायता देने के बाद डॉक्टरों ने उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए धनबाद (पीएमसीएच) रेफर कर दिया। हालांकि, धनबाद पहुंचने पर डॉक्टरों ने ललिता देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके पति शंकर राय का इलाज जारी है।
एक महीने बाद आनी थी घर में खुशियां
Jamtara परिजनों ने बताया कि मृतका आठ महीने की गर्भवती थी और लगभग एक माह बाद ही बच्चे का जन्म होने वाला था। इस हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन ली हैं और पूरे गांव में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय अंचल प्रशासन के राजस्व कर्मचारी मिहिर सोरेन ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली।
ये भी पढ़े: सोयाबीन खाने के 5 बड़े फायदे, डॉक्टर ने बताए लाभ

