RaipurRaipur
Spread the love

रिपोर्टर: योगेन्‍द्र सिंह

Raipur : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन साइबर शील्ड’ के तहत साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश से दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी पर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुबोध कुमार सिंह के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर धोखाधड़ी करने का आरोप है, जबकि दूसरे आरोपी ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर एक महिला से 88 लाख रुपये की भारी-भरकम रकम ठगी थी। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।

वरिष्ठ IAS अधिकारी सुबोध कुमार सिंह के नाम पर बनाई थी फेक फेसबुक आईडी

Raipur शिकायतकर्ता सुशांत पनका द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर थाना राखी में मामला दर्ज किया गया था, जिसे बाद में रायपुर के रेंज साइबर थाने को ट्रांसफर कर दिया गया। तकनीकी विश्लेषण और गूगल तथा फेसबुक से प्राप्त डेटा के आधार पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के हमीरपुर निवासी अर्जुन कुमार जाटव को दबोच लिया। जांच के दौरान पुलिस को उसके मोबाइल से कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के नाम से बनाई गई फर्जी फेसबुक आईडी के भी अहम सुक्ष्य हाथ लगे हैं, जिनकी अलग से जांच की जा रही है।

‘दीक्षित एजेंसी’ के जरिए फर्जी बैंक खाते खुलवाकर की 88 लाख की ठगी

Raipur दूसरे मामले में रश्मि शर्मा ने शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर 88 लाख रुपये ठग लिए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। रेंज साइबर थाने की टीम ने बैंक खातों और व्हाट्सएप चैट के तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कानपुर (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले मुख्य आरोपी प्रवीण कुमार दीक्षित को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ‘दीक्षित एजेंसी’ नाम से फर्जी फर्म चलाता था जिसके नाम पर बैंक खाते खुलवाकर ठगी की अवैध रकम ट्रांसफर कराई जाती थी। आरोपी के एक ही बैंक खाते से देश भर के 11 अलग-अलग थानों में साइबर फ्रॉड के मामले दर्ज हैं।

पुलिस की सख्त चेतावनी: सोशल मीडिया और लुभावनी ट्रेडिंग योजनाओं से रहें सावधान

Raipur रायपुर रेंज पुलिस ने दोनों साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस प्रशासन ने नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की है। पुलिस ने अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी वीआईपी या अधिकारी के नाम से आने वाली फर्जी रिक्वेस्ट पर भरोसा न करें और कम समय में अमीर बनाने का लालच देने वाली शेयर ट्रेडिंग स्कीमों से पूरी तरह सतर्क रहें।

ये भी पढ़े: जीरापुर में 50 लाख की सनसनीखेज चोरी का पर्दाफाश, 41 लाख रुपये नकद के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार