रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Durg : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के बोरई-रसमड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित JD स्टील प्लांट में एक अत्यंत दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। प्लांट में काम के दौरान करीब 1600 डिग्री सेल्सियस पर उबलता हुआ पिघला लोहा (हॉट मेटल) एक ठेकेदार पर गिर गया। इस खौफनाक घटना में गंभीर रूप से झुलसे व्यक्ति को तत्काल इलाज के लिए भिलाई के अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से जुड़ा एक दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मशीन के नोजल में खराबी बनी काल, सीढ़ियों से नीचे भागे पीड़ित
Durg प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के निवासी संतोष के रूप में हुई है, जो प्लांट में ठेकेदारी का काम करते थे। हादसा उस समय हुआ जब मशीन का नोजल नीचे आ रहा था और अचानक खौफनाक तरीके से पिघला हुआ गर्म लोहा नीचे गिर पड़ा। अत्यधिक तापमान होने के कारण संतोष पल भर में आग की लपटों से घिर गए। वायरल वीडियो में वह खुद को बचाने के लिए जलती हुई हालत में सीढ़ियों से नीचे की ओर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।
औद्योगिक सुरक्षा मानकों और लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल
Durg इस दर्दनाक घटना के बाद स्टील प्लांट में कार्यरत श्रमिकों और कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पिघले हुए लोहे जैसे अत्यधिक संवेदनशील और जोखिम भरे कार्य स्थल पर जरूरी सुरक्षा उपकरणों (PPE Kits) और आपातकालीन उपायों की मौजूदगी पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल घटना के बाद से कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
अंजोरा चौकी पुलिस ने दर्ज किया मर्ग, जांच में जुटी टीम
Durg हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई है। दुर्ग जिले की अंजोरा पुलिस चौकी में मर्ग कायम कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस की जांच मुख्य रूप से इस बात पर केंद्रित है कि क्या मशीन में कोई तकनीकी खराबी आई थी और क्या प्लांट में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम मौजूद थे। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय हो सकेगी।
ये भी पढ़े: किरेन रिजिजू के ‘सत्ता परिवर्तन’ वाले बयान पर शशि थरूर का जवाब, बोले- भारत न बांग्लादेश है, न फ्रांस

