GurugramGurugram
Spread the love

रिपोर्टर: रविन्‍द्र सिंह

Gurugram : हरियाणा के गुरुग्राम में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। सुबह तड़के से शुरू हुई बारिश के कारण सड़कों और प्रमुख अंडरपासों में कई फीट पानी भर गया, जिससे भारी यातायात जाम की स्थिति पैदा हो गई है। हालात को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस और जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर कॉर्पोरेट दफ्तरों को कर्मचारियों से ‘वर्क फ्रॉम होम’ (WFH) कराने की अपील की है ताकि सड़कों पर ट्रैफिक दबाव कम किया जा सके।

Gurugram मेदांता अंडरपास जलमग्न, जलभराव में फंसीं गाड़ियां

बारिश के चलते मेदांता से सेक्टर-15 की ओर जाने वाले व्यस्त अंडरपास में कई फीट पानी भर गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि कई वाहन जलभराव में फंस गए, जिन्हें बाद में पुलिस और राहत टीमों की मदद से बाहर निकाला गया। सुरक्षा के मद्देनजर इस अंडरपास पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। इसके अलावा शहर के अन्य प्रमुख चौराहों और ड्रेनेज लाइनों के ओवरफ्लो होने से सड़कें तालाब जैसी नजर आने लगी हैं।

Gurugram 97 मिमी बारिश और मौसम विभाग का ‘ऑरेंज अलर्ट’

गुरुग्राम पुलिस ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों में जिले में 97 मिमी बारिश दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने क्षेत्र के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। भारी बारिश और जलभराव के बीच नगर निगम ने अपनी सदन की बैठक स्थगित कर दी है और सभी अधिकारियों को ग्राउंड पर उतरकर ड्रेनेज निकासी का काम तेजी से करने के निर्देश दिए हैं।

कॉर्पोरेट ऑफिसों को सलाह और नागरिकों से अपील

जिला प्रशासन ने सभी प्राइवेट कंपनियों और कॉर्पोरेट संस्थानों को सलाह दी है कि वे 6 और 7 अगस्त को कर्मचारियों को घर से काम करने की छूट दें। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे बहुत जरूरी काम न होने पर यात्रा करने से बचें। सुबह के समय स्कूल और दफ्तर जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और ट्रैफिक रेंगता नजर आया। स्थानीय निवासियों ने हर साल होने वाले इस जलभराव को लेकर ड्रेनेज सिस्टम के दावों पर सवाल भी उठाए हैं।

ये भी पढ़े: झांसी-कानपुर हाईवे पर भीषण हादसा: माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान की मौत, डिवाइडर से टकराई क्रेटा कार