Jeron Khalsa nagar parishadJeron Khalsa nagar parishad
Spread the love

Jeron Khalsa nagar parishad:मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले से एक बेहद दिलचस्प और अनोखा मामला सामने आया है। यहां की जेरोन खालसा नगर परिषद में ‘राइट टू रिकॉल’ (Right to Recall) के तहत कराए गए मतदान के नतीजे चौंकाने वाले रहे हैं। चुनाव में जनता ने वर्तमान अध्यक्ष को नकारते हुए ‘खाली कुर्सी’ के पक्ष में मतदान किया, जिसके चलते अब नगर परिषद अध्यक्ष कुसुम पस्तोर को अपना पद छोड़ना होगा।

पार्षदों के विरोध के बाद हुआ था राइट टू रिकॉल मतदान

Jeron Khalsa nagar parishad:प्राप्त जानकारी के अनुसार, जेरोन खालसा नगर परिषद में अध्यक्ष पद को लेकर स्थानीय राजनीति गरमाई हुई थी। अध्यक्ष कुसुम मातादीन पस्तोर के खिलाफ नगर परिषद के 12 पार्षदों ने मोर्चा खोलते हुए अविश्वास और पद से हटाने की प्रक्रिया के तहत ‘राइट टू रिकॉल’ की मांग की थी। पार्षदों के विरोध के बाद प्रशासन ने गत 4 नवंबर को इस मामले में मतदान कराया, जिसमें नगर परिषद के 15 वार्डों के कुल 4800 मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतगणना में ‘खाली कुर्सी’ ने मारी बाजी, मिले 2633 वोट

Jeron Khalsa nagar parishad:पृथ्वीपुर के डिग्री कॉलेज परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतों की गिनती दो चरणों में पूरी की गई। निर्वाचन अधिकारी विनीता जैन ने जानकारी दी कि मतगणना के दौरान कुल 4800 वैध वोटों में से ‘खाली कुर्सी’ (पद रिक्ति) के पक्ष में 2633 वोट पड़े, जबकि निवर्तमान अध्यक्ष कुसुम पस्तोर के समर्थन में 2167 वोट आए। इस तरह ‘खाली कुर्सी’ ने 466 मतों के स्पष्ट अंतर से जीत हासिल की। नियमों के मुताबिक आधे से अधिक वोट पद रिक्ति के पक्ष में मिलने के कारण यह सीट अब आधिकारिक रूप से रिक्त मानी जाएगी।

आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया हुई शुरू

Jeron Khalsa nagar parishad:निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई इस पूरी मतदान और मतगणना प्रक्रिया की रिपोर्ट अब जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपी जा रही है। इस अनोखे चुनाव परिणाम के बाद से पूरे इलाके में राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गर्म है और यह मामला सोशल मीडिया से लेकर हर तरफ सुर्खियों में बना हुआ है।

read this:-Faridabad Tech Mahindra Asia head murder: धनतेरस की रात पार्किंग विवाद में टेक महिंद्रा के एशिया हेड की गोली मारकर हत्या