Ghaziabad Ravan Effigy BlastGhaziabad Ravan Effigy Blast
Spread the love

Ghaziabad Ravan Effigy Blast:गाजियाबाद में दशहरा से पहले रावण के पुतले की तैयारी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। साहिबाबाद थाना क्षेत्र के लाजपत नगर स्थित नगर निगम के सामुदायिक केंद्र में सोमवार सुबह पुतले में पटाखे भरने के दौरान अचानक आग लग गई और जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में पांच लोग झुलस गए। इनमें कुछ नाबालिगों के शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है।

धमाका इतना तेज था कि सामुदायिक केंद्र के बड़े हॉल की दो दीवारें क्षतिग्रस्त होकर गिर गईं। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ हादसा

Ghaziabad Ravan Effigy Blast:फायर विभाग के मुताबिक, घटना सुबह करीब 9:26 बजे की है। साहिबाबाद फायर स्टेशन के कंट्रोल रूम को शुरुआत में रामलीला मैदान के पास पटाखों की दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी।

सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी और साहिबाबाद के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी के साथ तीन दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद टीम को पता चला कि आग पटाखों की दुकान में नहीं, बल्कि रामलीला मैदान के पीछे बने सामुदायिक केंद्र के बड़े हॉल में लगी थी।

पुतले में आतिशबाजी भरते समय भड़की आग

Ghaziabad Ravan Effigy Blast:दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इसके बाद हॉल की जांच की गई तो पता चला कि वहां रामलीला के लिए रावण का पुतला तैयार किया जा रहा था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुतले के अंदर पटाखे और आतिशबाजी की सामग्री रखी जा रही थी। इसी दौरान अचानक आग भड़क गई और देखते ही देखते विस्फोट हो गया। वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

पांच लोग झुलसे, दो अस्पतालों में भेजे गए

Ghaziabad Ravan Effigy Blast:हादसे के बाद पांचों घायलों को तत्काल एमएमजी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जबकि तीन अन्य घायलों को जीटीबी अस्पताल भेजा गया।

पुलिस और फायर विभाग की टीमों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के बारे में जानकारी जुटाई। अभी तक दो घायलों की पहचान ऋषभ और हरेंद्र के तौर पर हुई है। बाकी तीन लोगों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

रामलीला कमेटी ने दिया था पुतला बनाने का ठेका

Ghaziabad Ravan Effigy Blast:पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि रावण का पुतला तैयार करने का काम रामलीला कमेटी की ओर से अनिल सिंह नामक व्यक्ति को दिया गया था। हादसे के समय उनके साथ काम करने वाले मजदूर पुतले के अंदर पटाखे भर रहे थे।

पुलिस और दमकल विभाग घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रहे हैं।

अवैध पटाखा फैक्ट्री की अफवाह पर पुलिस ने दी सफाई

Ghaziabad Ravan Effigy Blast:हादसे के बाद इलाके में यह चर्चा फैल गई कि सामुदायिक केंद्र में अवैध पटाखा फैक्ट्री संचालित हो रही थी। हालांकि, पुलिस ने इस दावे को गलत बताया है।

एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने स्पष्ट किया कि मौके पर पटाखे बनाने का कोई काम नहीं चल रहा था। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि पुतले में आतिशबाजी भरने के दौरान आग किस वजह से लगी और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

मामले की जांच जारी है और हादसे से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

read this:-समाज सेवा की मिसाल: जोड़ी राइडर और JH 05 टीम ने वृद्धाश्रम पहुँचकर 35 बुजुर्गों में बाँटा राशन