रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Dhamtari : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कुरूद स्थित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व/SDM) कार्यालय में कार्यरत सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी पुनेश्वर सूर्यवंशी को 10,000 रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। इस अचानक हुई कार्रवाई से प्रशासनिक गलियारे में हड़कंप मच गया है।
जमीन डायवर्सन के नाम पर मांगी गई थी घूस
Dhamtari प्राप्त विवरण के अनुसार, पीड़ित प्रकाश चंद्राकर, जो कि एक रियल एस्टेट व्यवसायी हैं, अपनी जमीन के डायवर्सन (भूमि उपयोग परिवर्तन) संबंधी कार्य की प्रक्रिया पूर्ण कराने के लिए कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। इस शासकीय कार्य को आगे बढ़ाने और मंजूरी दिलाने के एवज में आरोपी क्लर्क पुनेश्वर सूर्यवंशी ने उनसे 10 हजार रुपये की अवैध राशि की मांग की थी।
एंटी करप्शन ब्यूरो ने इस तरह बिछाया जाल
Dhamtari रिश्वत मांगे जाने से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी रायपुर ACB टीम को दी। शिकायत की प्राथमिक जांच में सत्यता पाए जाने के बाद ब्यूरो की टीम ने आरोपी को बेनकाब करने की रणनीति बनाई। योजना के तहत जैसे ही व्यवसायी ने तय रकम क्लर्क को सौंपी, पास में ही सतर्क खड़ी ACB की टीम ने दबिश देकर आरोपी को मौके पर ही धर दबोचा।
आरोपी हिरासत में, आगे की विधिक प्रक्रिया जारी
Dhamtari कार्रवाई के तुरंत बाद ब्यूरो की टीम ने घूस की रकम जब्त कर आरोपी कर्मचारी को अपनी हिरासत में ले लिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने मामले से संबंधित महत्वपूर्ण फाइलों व दस्तावेजों को भी खंगाला है। एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़े: Kanpur Garba-Dandiya:कानपुर में गरबा-डांडिया आयोजनों को लेकर VHP की मांग, पहचान सत्यापन पर दिया जोर

