रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Kawardha : छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में विद्युत वितरण कंपनी से जुड़ा करोड़ों रुपए के गबन का मामला सामने आया है। पिपरिया पुलिस ने दो विद्युत वितरण केंद्रों में 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपए की वित्तीय अनियमितता के आरोप में विभागीय कर्मचारी मनोज साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
रवेली और मरका केंद्रों में सामने आई करोड़ों की गड़बड़ी
Kawardha पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के रवेली और मरका केंद्रों में बड़ी वित्तीय अनियमितता उजागर हुई है। इसमें रवेली केंद्र से 3 करोड़ 17 लाख 90 हजार 699 रुपए और मरका केंद्र से 1 करोड़ 12 लाख 69 हजार 171 रुपए की राशि का गबन सामने आया है।
दोनों केंद्रों को मिलाकर गबन की कुल रकम 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपए बताई गई है। मामले की शिकायत मिलने के बाद पिपरिया थाने में धोखाधड़ी, कूटरचना और गबन सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
2019 से 2023 के बीच राशि जमा नहीं कराने का आरोप
Kawardha पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आरोपी मनोज साहू वर्ष 2019-20 से 2022-23 के दौरान रवेली और मरका विद्युत वितरण केंद्रों में पदस्थ था। आरोप है कि इस अवधि में कंपनी से संबंधित राशि बैंक खाते में जमा नहीं कराई गई, जिससे करोड़ों रुपए की वित्तीय गड़बड़ी हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने गबन से संबंधित गतिविधियों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में वित्तीय लेनदेन और गबन की पूरी प्रक्रिया को लेकर आगे की जांच जारी है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपी जेल भेजा गया
Kawardha इस मामले में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी नितिन तिवारी के नेतृत्व में पिपरिया पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तारी के बाद मनोज साहू को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। अदालत ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने के आदेश दिए। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और वित्तीय अनियमितताओं की विस्तृत जांच कर रही है।
ये भी पढ़े: दिल्ली के शाहदरा में दर्दनाक हादसा: मकान की छत गिरने से 2 की मौत, कई लोगों के दबे होने की आशंका

