GariabandGariaband
Spread the love

रिपोर्टर: योगेन्‍द्र सिंह

Gariaband : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के मैनपुर वन परिक्षेत्र से वनों की अंधाधुंध कटाई का एक बड़ा मामला प्रकाश में आया है। मैनपुर मुख्यालय से महज 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित बोईरगांव और ठेमली के बीच महफूज माने जाने वाले सागौन प्लांटेशन में बड़े पैमाने पर अवैध कटाई को अंजाम दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कुछ हफ्तों के भीतर यहां 50 से अधिक छोटे और बड़े सागौन के पेड़ों को काटकर धराशायी कर दिया गया है। मौके पर सड़क किनारे और जंगल के भीतर मिले ताजे ठूंठ वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और पेट्रोलिंग पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर रहे हैं।

संदिग्धों के ठिकानों से मिले 14 लकड़ी के लट्ठे

Gariaband इस गंभीर मामले पर संज्ञान लेते हुए गरियाबंद के डीएफओ मयंक पांडे ने बताया कि विभाग को अवैध कटाई की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। इस संबंध में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान आरोपियों के घरों की तलाशी ली गई, जहां से एक मीटर से अधिक लंबे सागौन के 14 अवैध लट्ठे बरामद किए गए हैं। वन विभाग का कहना है कि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

ग्रामीणों ने उठाई उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग

Gariaband इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति खासा आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने प्रदेश के वनमंत्री केदार कश्यप, मुख्य वन संरक्षक और डीएफओ को ज्ञापन सौंपकर इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की पुरजोर मांग की है।

वन विभाग की कार्यप्रणाली पर खड़े हुए गंभीर सवाल

Gariaband ग्रामीणों का कहना है कि वन क्षेत्र के इतने नजदीक और इतनी बड़ी संख्या में पेड़ों का काटा जाना बिना किसी आंतरिक मिलीभगत के संभव नहीं है। इतनी बड़ी मात्रा में लकड़ी चोरी होने से विभाग की गश्त और निगरानी पोल खुल गई है, इसलिए इसमें संलिप्त सभी दोषियों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

ये भी पढ़े: दतिया में पटवारी से मारपीट और हुड़दंग मामले में बड़ी कार्रवाई: सेवढ़ा पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा, न्यायालय में किया पेश