रिपोर्टर: सन्तोष सरावगी
Dabra : ग्वालियर जिले के डबरा में नवनियुक्त एसडीएम नवकिरण कौर ने पदभार ग्रहण करते ही शहर की यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण पर सख्त रुख अपनाया है। तहसील परिसर के मुख्य गेट के पास सर्विस रोड पर दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध कब्ज़े को देखकर SDM ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने तुरंत अपना वाहन रुकवाकर सड़क बाधित करने वाले दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी।

दुकानदारों को सख्त हिदायत
Dabra एसडीएम ने सर्विस रोड पर वाहनों की मरम्मत करने वाले दुकानदारों को साफ लहजे में हिदायत दी कि वे सड़क का दायरा छोड़कर केवल अपनी दुकानों के भीतर ही काम करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक रास्तों पर दोबारा गाड़ियों की पार्किंग या मरम्मत का काम पाया गया तो संबंधितों पर सीधी कार्रवाई की जाएगी।
सर्विस रोड पर जाम और राहगीरों की परेशानी
Dabra उल्लेखनीय है कि पिछोर तिराहा से लेकर बल्ला के डेरा तक सर्विस रोड पर स्थानीय दुकानदारों, गैरेज चालकों और ठेले वालों ने अनधिकृत रूप से कब्जा जमा रखा है। इस अतिक्रमण की वजह से दिनभर व्यस्त रहने वाली सड़क पर पैदल चलने वालों के लिए रास्ता नहीं बचता और बार-बार भीषण जाम की स्थिति निर्मित होती है।
नपा को निर्देश: चालान नहीं, जब्त करें सामान
Dabra सड़क सुरक्षा और यातायात सुचारू रखने के उद्देश्य से एसडीएम नवकिरण कौर ने नगरपालिका प्रशासन को कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सिर्फ रसीद काटकर या मामूली चालान बनाकर खानापूर्ति न करें, बल्कि बार-बार नियम तोड़ने वालों का सामान जब्त किया जाए। एसडीएम ने यह भी साफ कर दिया है कि पूरे शहर में जहां-जहां भी अवैध अतिक्रमण है, उसे चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा।
ये भी पढ़े: बारिश का कहर: जामताड़ा में दीवार गिरने से गर्भवती महिला की मौत, पति गंभीर

