रिपोर्टर: ईशू प्रसाद
Assam : केंद्रीय मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की बैठक में असम और पूर्वोत्तर भारत के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट ने असम में राष्ट्रीय राजमार्ग-15 (NH-15) पर बैहाटा चारियाली (गुवाहाटी के निकट) से तेजपुर तक 135.871 किलोमीटर लंबे 4-लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड हाईवे के निर्माण को हरी झंडी दे दी है। यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट ‘बिल्ट-ऑपरेट-ट्रांसफर’ (BOT) टोल मोड पर 8,970.20 करोड़ रुपये की कुल लागत से विकसित किया जाएगा।
Assam तेजपुर बाईपास पर बनेगा 4.9 किमी लंबा इमरजेंसी लैंडिंग स्ट्रिप
इस हाईवे प्रोजेक्ट की एक प्रमुख खासियत तेजपुर बाईपास पर 4.9 किलोमीटर लंबी इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ELF) का निर्माण है, जिसे भारतीय वायु सेना (IAF) के साथ तालमेल बिठाकर डिजाइन किया गया है। आपातकालीन स्थिति में यहां लड़ाकू विमान भी उतारे जा सकेंगे। इसके अलावा, इस परियोजना में कुल 58.7 किलोमीटर लंबे 5 बड़े बाईपास शामिल हैं, जो बैहाटा चारियाली, सिपाझार, खारुपेटिया, ढेकियाजुली और तेजपुर जैसे घने आबादी वाले कस्बों में ट्रैफिक जाम की समस्या को पूरी तरह खत्म कर देंगे।
Assam 19 फ्लाईओवर, 15 बड़े पुल और 1 हाथी अंडरपास का प्रावधान
इस एक्सेस-कंट्रोल्ड कॉरिडोर को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। पूरे मार्ग में 15 बड़े पुल, 30 छोटे पुल, 19 फ्लाईओवर और तेजपुर बाईपास क्षेत्र में 1 हाथी अंडरपास (Elephant Underpass) बनाया जाएगा ताकि वन्यजीव सुरक्षित रूप से रास्ता पार कर सकें। स्थानीय वाहनों की सुगम आवाजाही के लिए 46 अंडरपास और 210 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड का निर्माण भी किया जाएगा। इस हाईवे के बनने से गुवाहाटी और तेजपुर के बीच यात्रा का समय घटकर आधा रह जाएगा।
23,731 करोड़ रुपये की ‘गोबरधन’ योजना को भी कैबिनेट की मंजूरी
सड़क प्रोजेक्ट के साथ-साथ केंद्रीय मंत्रिमंडल ने देश में बायोगैस उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 23,731 करोड़ रुपये के बजट वाली राष्ट्रीय एकीकृत ‘गोबरधन’ (GOBARdhan) योजना को भी मंजूरी दी है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि यह योजना 2026-27 से 2035-36 तक लागू की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य कम्प्रेस्ड बायोगैस (CBG) को बढ़ावा देकर देश के भविष्य के स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत बनाना और किसानों की आय में वृद्धि करना है।

