AssamAssam
Spread the love

रिपोर्टर: विनय त्रिवेदी

Assam : मानसून के दौरान आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा रखी है। राज्य के 7 जिलों में स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है और लगभग 3.32 लाख आबादी इससे सीधे तौर पर प्रभावित है। बीते 24 घंटों के दौरान बाढ़ जनित हादसों में 7 और लोगों की जान चली गई, जिससे इस सीजन में मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 75 हो गई है। शिवसागर जिले के नाजिरा इलाके में ये मौतें दर्ज की गईं। राज्य सरकार ने संकट की इस घड़ी में राहत की राशि को बढ़ाते हुए मृतक आश्रितों के लिए अनुग्रह राशि 9 लाख रुपये कर दी है और मुआवजे के नियमों को भी आसान बनाया है।

Assam 600 से अधिक गांव जलमग्न, चराइदेव जिला सबसे अधिक प्रभावित

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, शिवसागर, गोलाघाट, जोरहाट, चराइदेव, नगांव, सोनितपुर और कामरूप मेट्रोपॉलिटन समेत 7 जिलों के 21 राजस्व क्षेत्र और 622 गांव पानी में डूबे हुए हैं। सबसे गंभीर स्थिति चराइदेव जिले की है, जहां अकेले 1.42 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। इसके बाद शिवसागर में करीब 97 हजार और जोरहाट में 57 हजार से ज्यादा लोग बाढ़ की मार झेल रहे हैं। फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है और 45 हजार हेक्टेयर से अधिक कृषि योग्य भूमि पूरी तरह जलमग्न हो चुकी है।

81 राहत शिविरों में 32 हजार से अधिक शरणार्थी, युद्ध स्तर पर रेस्क्यू

बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए प्रभावित इलाकों में 81 राहत शिविर और 34 सामग्री वितरण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां फिलहाल 32 हजार से अधिक विस्थापित लोग शरण लिए हुए हैं। थल सेना, भारतीय वायु सेना, NDRF, SDRF, अग्निशमन विभाग और स्थानीय स्वयंसेवक लगातार जलभराव वाले इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटे हैं। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने आश्वासन दिया है कि राज्य सरकार प्रभावितों को हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।

नेटवर्क बहाली के लिए ‘रोमिंग’ चालू और आवाजाही ठप

बाढ़ की भयावह तस्वीरों में गाड़ियां पानी में डूबी दिख रही हैं और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। आपदा प्रबंधन ने शिवसागर जिले में दूरसंचार व्यवस्था बनाए रखने के लिए ‘इंट्रा-सर्किल रोमिंग’ की सेवा को 30 जुलाई की मध्यरात्रि तक बढ़ा दिया है, ताकि आपातकालीन स्थिति में लोग एक-दूसरे से और राहत टीमों से संपर्क में रह सकें।

ये भी पढ़े: भोजपुर के संदेश बाजार में दुस्साहस: किराना दुकान में घुसकर गनपॉइंट पर 35 हजार की लूट, CCTV में कैद वारदात