आगरा के थाना एकता क्षेत्र के एक गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग के विवाद में एक पिता पर अपनी ही बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती दो दिन पहले अपने घर से गायब हो गई थी और उसका पड़ोस में रहने वाले एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग का मामला सामने आ रहा है। इसी बात से नाराज होकर पिता ने बेटी पर लोहे के औजार से सिर और गले पर कई ताबड़तोड़ वार किए, जिससे युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही एसीपी और थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच-पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे के साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
