रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Uttar Pradesh Kharif Season 2026 : उत्तर प्रदेश में खरीफ सीजन 2026 को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कृषि, सिंचाई, पशुपालन और पंचायती राज विभागों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। मौसम की अनिश्चितता और असामान्य मानसून या सूखे की आशंका को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को मिशन मोड में काम करने और अग्रिम तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
Uttar Pradesh Kharif Season 2026 खरीफ उत्पादन का बड़ा लक्ष्य और संसाधनों की उपलब्धता
राज्य सरकार ने खरीफ 2026 के तहत प्रदेश में 110.65 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। इसके जरिए 224.25 लाख मीट्रिक टन धान सहित कुल 302.62 लाख मीट्रिक टन खरीफ उत्पादन का अनुमान है। मुख्यमंत्री ने कृषि अधिकारियों को निर्देशित किया है कि किसानों को अनुदान पर तय 2.29 लाख क्विंटल बीज का वितरण समय पर किया जाए, जिसमें से 1.77 लाख क्विंटल की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। इसके साथ ही खाद-उर्वरकों की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
Uttar Pradesh Kharif Season 2026 सूखे से निपटने के लिए आकस्मिक योजना तैयार
अल्पवृष्टि की स्थिति से निपटने के लिए कृषि विभाग ने एक विशेष आकस्मिक कार्ययोजना (Contingency Plan) तैयार की है। इसके तहत यदि सूखा पड़ता है, तो कम पानी और कम समय में पकने वाली फसलों जैसे उर्द, मूंग, बाजरा, ज्वार और तिल के रकबे को बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा, किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) का दायरा बढ़ाने को कहा गया है।
Uttar Pradesh Kharif Season 2026 सिंचाई, पशुधन संरक्षण और जल आंदोलन पर जोर
- नहरों का संचालन: सिंचाई विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि टेल एंड (अंतिम छोर) तक किसानों को पानी मिले, लेकिन जल संकट की स्थिति में पेयजल को पहली प्राथमिकता दी जाएगी।
- गोवंश और चारा प्रबंधन: राज्य में संरक्षित 10 लाख से अधिक गोवंश के लिए लक्ष्य से अधिक 136 लाख क्विंटल भूसा पहले ही संग्रहित किया जा चुका है। पशुओं के टीकाकरण और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश हैं।
- जल संरक्षण: पंचायती राज विभाग के माध्यम से गांवों में तालाबों को पुनर्जीवित करने और हैंडपंपों की मरम्मत का काम अभियान चलाकर किया जाएगा ताकि जल संरक्षण को एक जन आंदोलन बनाया जा सके।

