GwaliorGwalior
Spread the love

रिपोर्टर: मयंक गुप्‍ता

Gwalior : मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के जनकगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले तारागंज इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शादीशुदा महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के बाद हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक (FSL) टीम को भी मौके पर बुलाया। चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के तुरंत बाद से ही मृतका का पति और उसके ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हैं।

मृतका के चाचा ने पति पर लगाए बेहद गंभीर आरोप

Gwalior मृतका की पहचान रुखसार के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतका के चाचा मुनव्वर खान ने अपने दामाद इमरान पर कई संगीन और सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। मुनव्वर खान का कहना है कि इमरान अत्यधिक शराब पीने का आदी था और वह जबरन अपनी पत्नी (रुखसार) को भी शराब पीने के लिए मजबूर करता था।

मुनव्वर खान, मृतका रुखसार के चाचा

चाचा का आरोप है कि आरोपी पति कोई कामकाज नहीं करता था और अपनी पत्नी की कमाई पर ही निर्भर था। इतना ही नहीं, उसने आरोप लगाया कि इमरान रुखसार से अनैतिक काम करवाता था और विरोध करने पर उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। परिजनों ने साफ तौर पर दावा किया है कि इमरान ने ही अपने परिवार के साथ मिलकर साजिश के तहत रुखसार की हत्या की है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी

Gwalior घटना स्थल का मुआयना करने के बाद पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से आवश्यक सुराग जुटाए हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच की जा रही है। फरार चल रहे पति और उसके परिजनों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा मौत की वजहों का खुलासा

प्रवीण शर्मा ,थाना प्रभारी,जनकगंज,ग्वालियर

Gwalior जनकगंज थाना प्रभारी (TI) प्रवीण शर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को तारागंज में महिला का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। परिजनों के आरोपों और परिस्थितियों को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम (PM) रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है और जल्द ही इस पूरे मामले का पर्दाफाश करने का दावा किया है।

ये भी पढ़े: रतनगढ़ माता मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 12 घंटे में 10 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन