Lucknow Agra Expressway Bus Accident:उत्तर प्रदेश के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा पेश आया, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया। एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि करीब 45 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।
रेवाड़ी से छपरा जा रही थी बस, पारा थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
Lucknow Agra Expressway Bus Accident:प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह गंभीर हादसा लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पहले टोल प्लाजा के पास सुबह करीब 6:00 से 6:30 बजे के बीच हुआ। राजस्थान के रेवाड़ी से चलकर बिहार के छपरा जा रही इस बस में लगभग 50 से 60 यात्री सवार थे। अचानक वाहन के बेकाबू होकर पलटने से मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और फायर ब्रिगेड की टीमें फौरन घटनास्थल पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को बाहर निकाला।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल
Lucknow Agra Expressway Bus Accident:हादसे की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने तुरंत अस्पतालों का दौरा किया। उन्होंने लोक बंधु अस्पताल और किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और डॉक्टरों को बेहतर से बेहतर चिकित्सीय सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले तीन लोगों में से दो के शव लोक बंधु अस्पताल और एक का शव केजीएमयू में पहुंचाया गया। इसके अलावा, 31 घायलों का इलाज लोक बंधु अस्पताल में और 13 अन्य का इलाज केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। प्रशासन ने इस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिए राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
Lucknow Agra Expressway Bus Accident:उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में हुए इस सड़क हादसे का कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से संवाद स्थापित कर उन्हें हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना की है।
दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से भी एक अन्य भीषण हादसे की खबर सामने आई है, जहाँ एक अनियंत्रित कार हाईवे पर बिजली के पोल से टकरा गई और इस भयंकर टक्कर के बाद कार में सवार 6 लोग जिंदा जल गए।

