Moradabad Tea Dispute Murder:उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में दीपावली के पावन पर्व की रात एक अत्यंत दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जिले के मझोला थाना क्षेत्र स्थित दिल्ली रोड पर एक चाय-नाश्ते के ढाबे पर हुए मामूली विवाद के दौरान चली गोली ने 17 वर्षीय एक मासूम किशोर की जान ले ली। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई और जश्न का माहौल मातम में तब्दील हो गया।
चाय-समोसे के ढाबे पर शुरू हुआ मामूली विवाद
Moradabad Tea Dispute Murder:पुलिस और पीड़ित परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, मझोला थाना क्षेत्र के दिल्ली रोड पर ‘खातिरदारी’ नाम से एक चाय और नाश्ते का होटल संचालित होता है। दीपावली की रात कुछ युवक इस दुकान पर बैठकर चाय-समोसे का आनंद ले रहे थे। ये सभी लड़के एक-दूसरे से परिचित थे। इसी दौरान, किसी बात को लेकर उनके बीच अचानक बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। गुस्साए एक युवक ने अचानक तमंचा निकालकर गोली चला दी।
बेकसूर अब्दुल्ला बना खूनी संघर्ष का शिकार
Moradabad Tea Dispute Murder:इस गोलीबारी के दौरान वहाँ मौजूद 17 वर्षीय अब्दुल्ला बुरी तरह इसकी चपेट में आ गया। मृतक के परिजनों और चश्मदीदों का कहना है कि अब्दुल्ला का उन लड़ने वाले लड़कों से कोई लेना-देना नहीं था और न ही उसकी किसी से कोई पुरानी रंजिश थी। आपस में उलझे गुट के बीच हुई झड़प के दौरान वह अचानक बीच में आ गया या गोली का निशाना बन गया। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद आरोपियों में भगदड़ मच गई।
पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज से खुलासे की तलाश
Moradabad Tea Dispute Murder:घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी कुंवर रणविजय सिंह भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने होटल संचालक और वहाँ मौजूद अन्य लोगों से लंबी पूछताछ की है। इसके साथ ही, होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है, जिसमें पूरी वारदात साफ तौर पर कैद हो गई है। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

