RaipurRaipur
Spread the love

रिपोर्टर: योगेन्‍द्र सिंह

Raipur : छत्तीसगढ़ में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियानों के बीच तस्करों ने नशे के कारोबार का नया तरीका खोज निकाला है। राजधानी रायपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप के ज़रिए खुलेआम गांजे की होम डिलीवरी और ऑनलाइन बिक्री का प्रचार किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर एक रेट लिस्ट तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें कम दाम पर बेहतर क्वालिटी का माल घर तक पहुँचाने का दावा किया गया है।

‘Odisha Saag’ कोडवर्ड और कैश ऑन डिलीवरी की सुविधा

Raipur पुलिस की नजरों से बचने के लिए तस्करों द्वारा ‘High Quality Odisha Saag Available in Raipur’ जैसे कोडवर्ड का प्रयोग किया जा रहा है। वायरल मैसेज में बाकायदा व्हाट्सऐप नंबर जारी कर आर्डर मंगाए जा रहे हैं और ग्राहकों को लुभाने के लिए गांजे की तस्वीरें व वीडियो भी भेजी जा रही हैं। तस्करों का दावा है कि शहर में कहीं भी कूरियर और पार्सल सर्विस के ज़रिए माल पहुँचा दिया जाएगा, जिसके लिए ‘कैश ऑन डिलीवरी’ (COD) का विकल्प भी उपलब्ध है। वायरल रेट लिस्ट के अनुसार 25 ग्राम गांजे की कीमत 1,000 रुपये और 50 ग्राम की कीमत 1,800 रुपये तय की गई है।

ओडिशा से कनेक्शन और कूरियर नेटवर्क का नया पैंतरा

Raipur प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि इस व्हाट्सऐप नंबर और लोकेशन के तार पड़ोसी राज्य ओडिशा से जुड़े हुए हैं। विदित हो कि छत्तीसगढ़ की सीमाएँ कई राज्यों से लगती हैं, जिस वजह से तस्कर रायपुर जैसे बड़े शहरों को अपना प्रमुख टारगेट बनाते हैं। पहले जहाँ सड़क या रेल मार्ग से तस्करी होती थी, वहीं अब कूरियर और पार्सल सेवाओं का इस्तेमाल पुलिस प्रशासन के लिए एक नई चुनौती बनकर उभरा है। हालाँकि, साइबर विशेषज्ञों का मानना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह के निशान छोड़ना तस्करों को आसानी से कानून के शिकंजे में फँसा सकता है।

ऑनलाइन फ्रॉड का एंगल भी तलाश रही साइबर सेल

Raipur मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर पुलिस और साइबर सेल की टीम सक्रिय हो गई है। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि कहीं यह मामला नशे के नाम पर ऑनलाइन ठगी का तो नहीं है, जहाँ शातिर ठग पैसे लेकर माल न भेजते हों। बहरहाल, सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को नशे के जाल में धकेलने की इस कोशिश पर नकेल कसने के लिए पुलिस और साइबर टीम वायरल पोस्ट, चैट और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जाँच को आगे बढ़ा रही है।

ये भी पढ़े: जबलपुर: 5 किमी पीछा कर पुलिस ने पकड़ा अवैध शराब का जखीरा, 10 लाख रुपये मूल्य की 145 पेटी जब्त; तस्कर फरार