PM Modi Bihar Visit Nitish Setu:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के महत्वपूर्ण दौरे पर आ रहे हैं। इस यात्रा के दौरान वे राज्य की कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे को नई ऊंचाई देने वाली कई बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इस दौरे का मुख्य आकर्षण गंगा नदी पर निर्मित भव्य ‘नीतीश सेतु’ है, जिसे प्रधानमंत्री आज राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
क्या है नीतीश सेतु की खासियत?
PM Modi Bihar Visit Nitish Setu:पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर बने इस ऐतिहासिक पुल का निर्माण लगभग 4,280 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। यह आधुनिक तकनीक से बना एक ‘एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टे ब्रिज’ है, जो पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से सीधे जोड़ेगा। कुल 19.7 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में 9.7 किलोमीटर का मुख्य छह-लेन पुल और 10 किलोमीटर की संपर्क सड़कें (एप्रोच रोड) शामिल हैं। इस पुल के शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच यातायात बेहद सुगम हो जाएगा।
34,470 करोड़ की परियोजनाओं का होगा शुभारंभ
PM Modi Bihar Visit Nitish Setu:प्रधानमंत्री आज तीन राज्यों (पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश) के व्यस्त दौरे पर हैं। पश्चिम बंगाल के कार्यक्रम के बाद वे बिहार के वैशाली पहुंचेंगे, जहां वे एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस अवसर पर पीएम मोदी नीतीश सेतु के साथ-साथ करीब 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। ये योजनाएं सड़क, ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा, जल संसाधन और शहरी विकास जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ी हैं, जो राज्य के समग्र विकास को गति देंगी।
हरित परिवहन और गरीबों को पक्के आवास की सौगात
PM Modi Bihar Visit Nitish Setu:कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री शहरी परिवहन को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए 100 ‘पीएम-ईबसों’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 26,900 से अधिक लाभार्थियों को उनके नए घरों की चाबियां सौंपते हुए भव्य ‘गृह प्रवेश’ समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
PM Modi Bihar Visit Nitish Setu:मई में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार समारोह में शामिल होने के बाद पीएम मोदी की यह पहली बिहार यात्रा है। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए पटना और वैशाली प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। यातायात को सुचारू रखने के लिए प्रमुख राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर तय समय के लिए वाहनों के आवागमन में बदलाव और प्रतिबंध लागू किए गए हैं।

