PrayagrajPrayagraj
Spread the love

रिपोर्टर: शरद गुप्‍ता

Prayagraj : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित दरियाबाद मोहल्ले में लगभग 20 साल पुराने एक पार्क की जमीन पर अवैध कब्जे के मामले में पूर्व मंत्री आजम खान का नाम सामने आया है। स्थानीय निवासियों की शिकायत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। इसमें एडीएम सिटी सत्यम कुमार मिश्र, पीडीए सचिव विनीत कुमार सिंह और डीसीपी सिटी मनीष शांडिल्य शामिल हैं।

Prayagraj 2006 का मामला: आजम खान पर अधिकारियों को रोकने का आरोप

यह प्रकरण वर्ष 2006 का है, जब प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी और आजम खान नगर विकास मंत्री थे। आरोप है कि सार्वजनिक छुट्टियों के दौरान माफिया अतीक अहमद के करीबियों और आजम खान के वफादारों ने लगभग 4 करोड़ रुपये मूल्य की पार्क की भूमि पर कब्जा कर लिया था। जब स्थानीय लोगों ने विरोध किया, तो तत्कालीन अधिकारियों पर कार्रवाई न करने का दबाव बनाया गया।

Prayagraj महापौर और स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री से की शिकायत

हाल ही में प्रयागराज के महापौर गणेश केशरवानी के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर पार्क को कब्जा मुक्त कराने की गुहार लगाई थी। निवासियों का कहना है कि कब्जा होने से पहले यहाँ बच्चे खेलते थे और बुजुर्ग टहलते थे। जनसुनवाई के दौरान मिले इस आवेदन पर शासन के निर्देश के बाद जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है।

राजस्व रिकॉर्ड तलब, जल्द चल सकता है बुलडोजर

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि एसआईटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पीडीए (प्रयागराज विकास प्राधिकरण) सचिव ने सदर तहसील और नगर निगम से संबंधित जमीन के 20 साल पुराने राजस्व रिकॉर्ड मांग लिए हैं। माना जा रहा है कि जांच पूरी होते ही जमीन से अवैध कब्जा हटाने के लिए प्रशासन सख्त कदम उठाएगा।

ये भी पढ़े: बंगाल SIR मामले पर सुप्रीम कोर्ट सख्त: ECI को नोटिस जारी कर मांगा जवाब, कहा- ‘इस रफ्तार से तो अगला चुनाव आ जाएगा’