रिपोर्टर: ईशु प्रसाद
Kendrapara : ओडिशा के केंद्रापड़ा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर एक लड़की को मैसेज भेजने के विवाद में एक कॉलेज छात्र को बीच रास्ते में रोककर बेरहमी से पीटा गया। इतना ही नहीं, हमलावरों ने छात्र को पैरों पर गिरकर माफी मांगने के लिए भी मजबूर किया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
Kendrapara कॉलेज जाते समय हुआ अपहरण, वायरल वीडियो से परिजनों को मिली जानकारी
घटना राजनगर इलाके के मदनपुर कॉलेज में पढ़ने वाले एक छात्र के साथ हुई, जो गोबिंदपुर में अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई करता है। परिजनों के अनुसार, छात्र रोजाना की तरह कॉलेज गया था लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। इसी बीच गांव के ही एक युवक ने परिवार को एक वीडियो भेजा, जिसमें कुछ लड़के उनके बेटे को घेरकर लात-घूसों से पीटते नजर आ रहे थे। इसके तुरंत बाद पीड़िता की मां ने पट्टामुंडई ग्रामीण थाने में अपहरण और मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कराई।
Kendrapara प्रेम प्रसंग और इंस्टाग्राम मैसेज बना विवाद की वजह
पट्टामुंडई ग्रामीण थाना प्रभारी (IIC) श्रीकांत कुमार बारिक ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा पाया गया है। आरोपी छात्र अपनी ही कॉलेज की एक छात्रा से प्रेम करता था। जब पीड़ित छात्र ने उस लड़की को इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजा, तो आरोपी ने गुस्से में आकर अपने दोस्तों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल लगभग सभी आरोपी और पीड़ित कॉलेज के छात्र हैं तथा ज्यादातर नाबालिग हैं।
तीन छात्र हिरासत में, पीड़ित छात्र की तलाश जारी
पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, मारपीट का शिकार हुआ पीड़ित छात्र घटना के बाद डर के मारे कहीं छिप गया है, जिसकी बरामदगी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामला नाबालिगों से जुड़ा होने के कारण पहचान उजागर नहीं की गई है और जांच पूरी होने के बाद सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

