Cuttack Medical College:ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अस्पताल परिसर की पानी की टंकी पर चढ़ गया। पुलिस और दमकल विभाग की टीम उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश कर रही थी, लेकिन रेस्क्यू पूरा होने से पहले ही युवक ने टंकी से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
करीब आधे घंटे तक टंकी पर रहा युवक
Cuttack Medical College:मिली जानकारी के अनुसार, जाजपुर टाउन निवासी राजेश परिडा अस्पताल के मनोरोग विभाग के पास बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया था। वह करीब 30 मिनट तक टंकी के ऊपर मौजूद रहा। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने युवक से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए मनाने की कोशिश की और सुरक्षित रेस्क्यू की तैयारी शुरू की।
रेस्क्यू से पहले अचानक लगा दी छलांग
Cuttack Medical College:रेस्क्यू टीम युवक को सुरक्षित नीचे लाने की कोशिश कर ही रही थी कि उसने अचानक पानी की टंकी से छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण उसके सिर, हाथ, पैर और सीने में गंभीर चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद उसे एससीबी मेडिकल कॉलेज की ट्रॉमा कैजुअल्टी में पहुंचाया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
परिवार इलाज के लिए लेकर पहुंचा था अस्पताल
Cuttack Medical College:बताया गया कि राजेश को उसके माता-पिता एक दिन पहले जाजपुर टाउन से इलाज के लिए एससीबी मेडिकल कॉलेज लेकर आए थे। इससे पहले भी वह जाजपुर में एक मकान की छत पर चढ़ गया था और वहां से छलांग लगाने की कोशिश की थी।
परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों की जांच के बाद उन्हें मनोरोग विभाग में विशेषज्ञ से सलाह लेने के लिए कहा गया था।
माता-पिता से अलग होकर टंकी पर चढ़ा
Cuttack Medical College:जानकारी के मुताबिक, राजेश अपने माता-पिता के साथ अस्पताल परिसर में एक मंदिर के पास मौजूद था। परिवार मनोरोग विभाग की ओपीडी में डॉक्टर से मिलने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान राजेश अचानक परिजनों से अलग होकर पानी की टंकी की ओर चला गया और उस पर चढ़ गया।
परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए काफी समझाया, लेकिन वह नहीं माना। पुलिस और दमकल टीम के पहुंचने के बाद भी स्थिति को संभालने की कोशिश जारी थी, तभी उसने छलांग लगा दी।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनाव और अफरा-तफरी का माहौल रहा। फिलहाल युवक का इलाज जारी है और डॉक्टर उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
read this:- श्योपुर में सरकारी वाहन में लगी आग, धू-धू कर जली डिप्टी कलेक्टर की गाड़ी

