MuzaffarpurMuzaffarpur
Spread the love

रिपोर्टर: गौतम कुमार सिंह

Muzaffarpur : सावन की दूसरी सोमवारी पर उत्तर बिहार की प्रसिद्ध देवनगरी मुजफ्फरपुर एक ऐतिहासिक और अलौकिक पल की गवाह बनी। उत्तर बिहार के देवघर कहे जाने वाले बाबा गरीबनाथ धाम में पहली बार शिवभक्त कांवड़ियों और श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से फूलों की बारिश की गई। सुबह-सुबह हुई इस अनोखी पुष्पवर्षा से संपूर्ण कांवड़िया मार्ग भक्तिमय हो उठा और भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

Muzaffarpur हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा धाम, छतों से लोगों ने कैमरे में कैद किया पल

जैसे ही आसमान से हेलीकॉप्टर द्वारा फूलों की बारिश शुरू हुई, कांवड़ियों का जनसैलाब ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बाबा गरीबनाथ’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। कांवड़िया मार्ग पर चल रहे श्रद्धालुओं के साथ-साथ आसपास के मकानों की छतों पर खड़े शहरवासी भी इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने। लोगों ने इस विहंगम दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।

Muzaffarpur मंदिर प्रशासन ने राज्य सरकार का जताया आभार

बाबा गरीबनाथ मंदिर के पुजारी पंडित अभिषेक पाठक ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि बाबा नगरी के इतिहास में पहली बार भक्तों पर इस प्रकार पुष्पवर्षा हुई है। यह बाबा गरीबनाथ की महिमा और शिवभक्तों की अटूट आस्था का परिणाम है। उन्होंने भक्तों की भावना का सम्मान करने के लिए राज्य सरकार और प्रशासन का सहृदय धन्यवाद व्यक्त किया।

आने वाली सोमवारी पर भी होगी पुष्पवर्षा: जिलाधिकारी

जिलाधिकारी कुमार गौरव ने बताया कि पर्यटन विभाग, बिहार सरकार के सौजन्य से इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मौसम की प्रतिकूलता के कारण शुरुआत में थोड़ी देरी हुई, लेकिन बाबा गरीबनाथ मंदिर समेत शहर के सभी प्रमुख और चिह्नित स्थलों पर सफलतापूर्वक पुष्पवर्षा की गई। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सावन की तीसरी और चौथी सोमवारी पर भी श्रद्धालुओं पर इसी प्रकार हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए जाएंगे।

ये भी पढ़े: रांची में छात्रों के विधानसभा मार्च के दौरान हंगामा: बैरिकेड्स तोड़े, पुलिस ने दागे वाटर कैनन और किया लाठीचार्ज