JamshedpurJamshedpur
Spread the love

Jamshedpur : बिष्टुपुर स्थित कुसुम कमानी ऑडिटोरियम में आयोजित तीन दिवसीय ‘श्री गो-कृपा कथा महोत्सव’ का रविवार को भव्य समापन हुआ। पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन, ध्यान फाउंडेशन और श्री गोपाल सेवा संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का अंत तुला दान, गौ-पूजन, गौ-दर्शन और महाआरती के साथ श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ।

भारतीय संस्कृति और पर्यावरण का मूल आधार है गौवंश

Jamshedpur कथा के अंतिम दिन श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पूज्य ग्वाल संत गोपालाचार्य स्वामी श्री गोपालानंद सरस्वती जी महाराज ने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी प्राचीन संस्कृति, पर्यावरण और जीव मात्र के प्रति दया की भावना से जुड़ी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिस व्यक्ति ने गौसेवा को अपने जीवन का मुख्य ध्येय बना लिया, उसका कल्याण निश्चित है। महाराज जी ने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे बच्चों को किताबी शिक्षा के साथ-साथ गौमाता के महत्व और सनातन संस्कारों से भी अवगत कराएं।

31 वर्षों से जारी है 82 हजार किलोमीटर की पैदल गौसेवा यात्रा

Jamshedpur कार्यक्रम के दौरान महाराज जी के तपस्वी जीवन और संकल्पों के बारे में जानकारी दी गई। वे पिछले 31 वर्षों से लगातार पैदल यात्रा कर जन-जागरूकता फैला रहे हैं और अब तक लगभग 82 हजार किलोमीटर की यात्रा पूरी कर चुके हैं। पिछले 20 वर्षों से अन्न का त्याग कर केवल फलाहार पर रहने वाले महाराज जी न तो नंगे पैर चलने से हिचकते हैं और न ही मुद्रा का स्पर्श करते हैं। वर्तमान में वे देशभर में ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के जरिए गौमाता को राष्ट्रीय आराध्या घोषित कराने के लिए अलख जगा रहे हैं।

चाकुलिया की गौशाला में हो रही 24 हजार से अधिक नंदियों की सेवा

Jamshedpur समारोह में ध्यान फाउंडेशन के निदेशक राजकुमार अग्रवाल ने अपनी संस्था द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों का ब्योरा साझा किया। उन्होंने बताया कि चाकुलिया स्थित गौशाला में वर्तमान में 24,500 से अधिक गौवंश का संरक्षण किया जा रहा है, जिनमें 24,000 से अधिक नंदी शामिल हैं। इस पावन अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, चंपाई सोरेन, विधायक सरयू राय सहित कई गणमान्य हस्तियों ने शिरकत की। अंत में श्री रानी सती सत्संग समिति द्वारा महाप्रसाद का वितरण किया गया।

ये भी पढ़े: थुमहा में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत: मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, पति गिरफ्तार