रिपोर्टर: अजीत कुमार ठाकुर
Supaul : पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा पंचायत (वार्ड 9) में 22 वर्षीय नवविवाहिता रूपम कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मायके वालों में कोहराम मच गया। मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल वालों पर 50 हजार रुपये के दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
₹50 हजार के लिए प्रताड़ना का आरोप, रात में पिता को किया था फोन
Supaul परिजनों के अनुसार, रूपम का विवाह लगभग 14 महीने पूर्व थुमहा निवासी संदीप कुमार साह के साथ हुआ था। शादी के कुछ महीनों तक सब ठीक रहा, लेकिन बाद में कथित तौर पर 50 हजार रुपये की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। शुक्रवार देर रात रूपम ने अपने पिता चंद्रेश्वर साह को फोन कर ससुराल में हो रही मारपीट की आपबीती सुनाई थी। पिता ने अगले दिन आकर बात करने का आश्वासन दिया था, लेकिन शनिवार को उसकी मौत की खबर आ गई।
पलंग पर मिला शव, गले पर दिखे निशान
Supaul जब मायके वाले थुमहा पहुंचे, तो रूपम का शव कमरे में पलंग पर पड़ा मिला। पिता का आरोप है कि उसकी बेटी के गले पर चोट के निशान थे और आरोपियों ने हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की है। घटना की सूचना मिलते ही पिपरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
Supaul मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस प्रयोगशाला (FSL) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने जरूरी साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी पति संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो सकेगी।
ये भी पढ़े: जमशेदपुर सीए सोसाइटी के नए अध्यक्ष बने सुगम सरायवाला, नई टीम के साथ संगठन की नई शुरुआत

