MadhupurMadhupur
Spread the love

रिपोर्टर: इम्तियाज अंसारी

Madhupur : झारखंड के मधुपुर रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को बड़ी सफलता मिली है। सीआईबी आरपीएफ जसीडीह और मधुपुर आरपीएफ की संयुक्त टीम ने देर रात कार्रवाई करते हुए 25 किलोग्राम गांजे की बड़ी खेप जब्त की है। इस दौरान मौके से ओडिशा के एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए गांजे की कुल अनुमानित बाजार कीमत लगभग 12.50 लाख रुपये आंकी गई है।

प्लेटफॉर्म नंबर दो पर बैग की तलाशी में मिला गांजा

Madhupur आरपीएफ को रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की खेप ले जाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर आरपीएफ की टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर दो पर संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे एक युवक को हिरासत में लिया। जब उसके ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग की गहन तलाशी ली गई, तो उसके अंदर से कुल 11 बंडलों में पैक किया गया 25 किलो गांजा बरामद हुआ।

ओडिशा के नयागढ़ का रहने वाला है पकड़ा गया आरोपी

Madhupur पूछताछ और जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी की पहचान 20 वर्षीय चंदन कुमार पुरूसटी के रूप में हुई है, जो ओडिशा के नयागढ़ जिले का निवासी है। वह गांजे की इस बड़ी खेप को ट्रेन के जरिए किसी अन्य जगह खपाने की फिराक में था, लेकिन आरपीएफ की सतर्कता के कारण समय रहते धर दबोचा गया।

आरोपी को रेल पुलिस के सुपुर्द कर भेजा गया जेल

Madhupur मादक पदार्थ की जब्ती और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आरपीएफ ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी युवक और जब्त गांजे को अग्रिम कार्रवाई के लिए मधुपुर रेल थाना (जीआरपी) के हवाले कर दिया गया। रेल पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

ये भी पढ़े: दिग्विजय सिंह ने रोकी सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा, राहुल गांधी से मुलाकात के लिए दिल्ली रवाना