रिपोर्टर: सतेन्दसिंह
Gwalior : मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में अपराध की एक खौफनाक वारदात सामने आई है। गोला का मंदिर थाना इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने देर रात एक युवक की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त छोटू राजावत के तौर पर हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
रास्ते में घेरकर बरसाईं अंधाधुंध गोलियां
Gwalior घटना मंगलवार और बुधवार की मध्य रात्रि की है। छोटू राजावत अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से अपने घर की तरफ लौट रहा था। जैसे ही वे रेस कोर्स रोड पहुंचे, तभी करीब आधा दर्जन से ज्यादा बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। कई गोलियां लगने के कारण छोटू राजावत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिसके बाद हमलावर हवा में हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
पुरानी गैंगवार और मुखबिरी का शक
Gwalior शुरुआती पुलिस तफ्तीश में हत्या की वजह पुरानी दुश्मनी और मुखबिरी का संदेह माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, 3 जून 2025 को हुई चर्चित गैंगवार में भोला सिकरवार नाम के व्यक्ति की हत्या हुई थी। आरोपियों को संदेह था कि छोटू राजावत ने उस वक्त पुलिस या विरोधी गुट को मुखबरी दी थी। इसी प्रतिशोध के चलते इस हत्याकांड को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज, इलाके में फोर्स तैनात
Gwalior घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। रेस कोर्स रोड और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। वारदात के बाद इलाके में उपजे तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
ये भी पढ़े: मुरैना: तालाब में तब्दील हुआ सीमई का सरकारी स्कूल, पानी, सांप और करंट के साए में पढ़ाई करने को मजबूर मासूम

