GwaliorGwalior
Spread the love

रिपोर्टर: रविन्‍द्र सिंह

Gwalior : मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बेला की बावड़ी स्थित कुशवाह छात्रावास और सामुदायिक भवन के भूमिपूजन समारोह में उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब मंच से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का संबोधन शुरू हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सिंधिया के भाषण के दौरान ही कुछ लोगों ने अचानक काले झंडे दिखाकर नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सिंधिया समर्थकों और विरोध कर रहे गुट के बीच जमकर धक्का-मुक्की, मारपीट और तोड़फोड़ हुई।

काले झंडे दिखाने पर भड़की हिंसा, जमकर चलीं कुर्सियां

Gwalior मिली जानकारी के मुताबिक, भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान जैसे ही केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बोलना शुरू किया, पांडाल में मौजूद कुछ युवाओं ने विरोध में काले झंडे लहरा दिए। इससे नाराज सिंधिया समर्थकों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिससे दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई। बहस ने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया और पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे पर जमकर कुर्सियां चलाईं और परिसर में तोड़फोड़ की। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को खदेड़कर कुछ उपद्रवियों को हिरासत में लिया।

सांसद समर्थक थे प्रदर्शनकारी, मुख्य अतिथि बनाने को लेकर था विवाद

Gwalior पूर्व पार्षद भूपेंद्र सिंह कुशवाह के अनुसार, यह जमीन पूर्व में समाज के लिए आवंटित की गई थी और समाज के लोग चाहते थे कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाज के ही जनप्रतिनिधि जैसे सांसद भारत सिंह कुशवाह या मंत्री नारायण सिंह कुशवाह हों। उन्होंने आरोप लगाया कि सिंधिया को मुख्य अतिथि बनाए जाने का शांतिपूर्ण विरोध किया जा रहा था, लेकिन सिंधिया समर्थकों ने उनके साथियों के साथ मारपीट की, जिसमें कुछ लोग घायल भी हुए हैं।

मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने जताया दुख, कृत्य को बताया अशोभनीय

Gwalior घटना के बाद प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने वीडियो संदेश जारी कर इस पूरे घटनाक्रम पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 1 करोड़ 6 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस सामुदायिक भवन का भूमिपूजन समाज के कल्याण के लिए था। कुछ नेताओं के बहकावे में आकर समाज के ही युवाओं द्वारा इस तरह का अशोभनीय कृत्य करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पावर का गलत इस्तेमाल कर युवाओं को भड़काना सही नहीं है और पूरा समाज इस कृत्य के खिलाफ है। पुलिस फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़े: धमतरी में SBI कियोस्क से 1 करोड़ से अधिक का गबन: पासबुक और FD में फर्जीवाड़ा करने वाला संचालक गिरफ्तार

You missed