New DelhiNew Delhi
Spread the love

रिपोर्टर: अभय सक्‍सेना

New Delhi : दिल्ली पुलिस ने देश की राजधानी में वीजा शर्तों का उल्लंघन कर रह रहे 6 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) के समक्ष पेश किए जाने के बाद इन सभी को सेवा धाम डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया है। पुलिस व संबंधित प्रशासनिक एजेंसियों ने अब इन्हें वापस इनके देश भेजने (Deportation) की औपचारिकताएं शुरू कर दी हैं।

New Delhi होटलों में चेकिंग के दौरान हत्थे चढ़े आरोपी

मध्य दिल्ली के होटल व गेस्ट हाउस में ठहरे विदेशी नागरिकों के सत्यापन (Verification Drive) के लिए पुलिस द्वारा एक विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नबी करीम स्थित ‘होटल सार्थक प्लेस’ में ठहरे 6 बांग्लादेशी नागरिकों के यात्रा दस्तावेजों, पासपोर्ट और इमिग्रेशन रिकॉर्ड की गहन जांच की गई।

New Delhi डबल एंट्री वीजा की 15 दिनों की सीमा पार की

दस्तावेजों की जांच में पाया गया कि इन सभी के पास भारत का ‘डबल एंट्री वीजा’ था। हालांकि, वीजा शर्तों के मुताबिक प्रत्येक यात्रा (Visit) के लिए वे अधिकतम 15 दिनों तक ही भारत में ठहर सकते थे। आरोपियों ने इस निर्धारित समय-सीमा का उल्लंघन किया और अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से भारत में बने रहे।

एफआरआरओ के आदेश पर डिटेंशन सेंटर में किया गया शिफ्ट

नियमों का उल्लंघन स्पष्ट होने पर दिल्ली पुलिस ने सभी को एफआरआरओ (FRRO) के समक्ष प्रस्तुत किया। मामले का संज्ञान लेते हुए एफआरआरओ ने सभी के खिलाफ रिस्ट्रिक्शन ऑर्डर जारी किया, जिसके बाद उन्हें तुरंत सेवा धाम डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या दिल्ली में अन्य स्थानों पर भी ऐसे लोग छिपे हैं, जिनका वीजा समाप्त हो चुका है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्तियों का अब तक कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। फिर भी, एजेंसियां उनके भारत में रुकने के वास्तविक कारणों और अन्य संभावित गतिविधियों की पड़ताल कर रही हैं।

ये भी पढ़े: ओमान में फंसी सिमडेगा की बेटी प्रीति कुजूर की सुरक्षित वतन वापसी, सीएम हेमंत सोरेन के निर्देश पर हुई कार्रवाई