DelhiDelhi
Spread the love

रिपोर्टर: सोनू कुमार

Delhi : राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई है। मामुरपुर स्थित हिमालय अपार्टमेंट के सामने एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में सड़क किनारे खड़ी 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

Delhi मर्सिडीज और वैगनआर के बीच जोरदार भिड़ंत से हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, यह दुर्घटना शनिवार सुबह करीब 8 बजे हुई। मामुरपुर के मुख्य मार्ग पर एक लग्जरी मर्सिडीज कार और वैगनआर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैगनआर पीछे की ओर उछलकर एक तिपहिया लोडिंग वैन से टकरा गई। इसी दौरान पास में खड़ी 70 वर्षीय महिला उर्मिला गाड़ियों की चपेट में आ गईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

Delhi दोस्त से मांगी कार लेकर चला रहा था चालक

हादसे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मर्सिडीज चला रहा युवक कार का असली मालिक नहीं है, बल्कि उसने अपने किसी दोस्त से गाड़ी मांगी थी। हादसे में चालक को भी मामूली चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक चिकित्सा दी गई है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, सीसीटीवी खंगालने में जुटी टीम

दिल्ली पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर नरेला क्षेत्र के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि गाड़ी की सटीक रफ्तार और हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।

ये भी पढ़े: बलिया: शादी के बाद रहस्यमयी परिस्थितियों में पति गायब, पीड़िता ने सास-ससुर पर लगाया बेदखली का आरोप