रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Bilaspur : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस ने एक बड़े और हाई-प्रोफाइल जुआ नेटवर्क को ध्वस्त करने में बड़ी सफलता हासिल की है। रतनपुर हाईवे पर स्थित गतौरी के ‘वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस’ में चल रहे एक आलीशान जुआ फड़ पर पुलिस ने अचानक दबिश दी। लंबे समय से मिल रही गुप्त सूचनाओं के आधार पर की गई इस सर्जिकल स्ट्राइक में पुलिस ने मौके से ताश के पत्तों पर लाखों का दांव लगाते हुए आठ रसूखदार जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
Bilaspur नामचीन कारोबारी और रसूखदार चढ़े पुलिस के हत्थे
पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों में शहर के कई नामी गिरामी चेहरे और व्यापारी शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए जुआरियों की पहचान चंद्र किशन अग्रवाल, रोशन सिंह, मुन्ना गोयल, विकास सिंह, मनीष शर्मा, नीरज शर्मा, दीपक अग्रवाल और मयंक सोनकर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह फार्म हाउस लंबे समय से सट्टेबाज़ी और जुए का सुरक्षित ठिकाना बना हुआ था, जहाँ शहर के बड़े रसूखदार लोग जुटते थे।
Bilaspur लाखों की नकदी, लग्जरी गाड़ियाँ और मोबाइल फोन जब्त
रेड के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में माल बरामद किया है। पुलिस टीम ने फड़ से 3 लाख 80 हजार रुपये की नकद राशि, 11 महंगे स्मार्टफोन और मौके पर खड़ी 5 आलीशान कारों को अपनी कस्टडी में ले लिया है। इस मामले में पुलिस ने जुआरियों के साथ-साथ अवैध गतिविधियों के लिए जगह मुहैया कराने वाले फार्म हाउस संचालक पर भी शिकंजा कसा है।
Bilaspur गैर-जमानती धाराओं में केस दर्ज, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस प्रशासन ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की तैयारी कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस जुआ नेटवर्क के तार और कहाँ-कहाँ जुड़े हैं, इसकी बारीकी से तफ्तीश की जा रही है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद से बिलासपुर के सट्टा और जुआ प्रेमियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
ये भी पढ़े: Liver Detox: मई में क्यों जरूरी है लिवर की सफाई? जानिए आयुर्वेदिक तरीके जो शरीर से बाहर निकालेंगे टॉक्सिन्स

