रिपोर्टर: दीनानाथ माऔर
Aurangabad : ऐतिहासिक गांधी मैदान में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) द्वारा आयोजित एक भव्य मिलन समारोह में बिहार के राजनीतिक समीकरणों में बड़ा बदलाव देखने को मिला। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की मौजूदगी और राजद के कार्यकारी अध्यक्ष अनिल टाइगर की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में रफीगंज से जेडीयू (JDU) के पूर्व विधायक अशोक सिंह ने सैकड़ों समर्थकों के साथ राजद का दामन थाम लिया।
‘यह मेरी घर वापसी है और यही अंतिम पार्टी होगी’—अशोक सिंह
Aurangabad राजद में शामिल होने के बाद पूर्व विधायक अशोक सिंह ने अपने फैसले को स्वाभाविक बताते हुए कहा कि यह उनकी पुरानी जड़ों की ओर वापसी है। उन्होंने याद दिलाया कि उनके पिता ने निर्दलीय चुनाव जीतने के बाद भी राजद का समर्थन किया था। अपने ही समाज के कुछ नेताओं पर चुटकी लेते हुए अशोक सिंह ने कहा कि औरंगाबाद में उनके राजद में आने से कई लोगों को जलन हो रही है। उन्होंने साफ किया कि राजद ही उनकी अंतिम राजनीतिक पार्टी रहेगी।
राज्य सरकार पर तेजस्वी का कड़ा प्रहार, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
Aurangabad समारोह को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने बिहार की एनडीए सरकार पर भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के उस पुराने बयान को याद दिलाया जिसमें उन्होंने महिला सुरक्षा पर कड़े कदम उठाने या इस्तीफा देने की बात कही थी। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं और सरकार अपनी जिम्मेदारियों से भाग रही है।
नीतीश कुमार और चुनाव आयोग पर साधा निशाना
Aurangabad तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और चुनावी व्यवस्था पर भी खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कभी जिनकी एक झलक के लिए नेताओं की कतारें लगती थीं, आज वे खुद इंतजार करने की स्थिति में आ गए हैं। इसके अलावा, उन्होंने पिछले चुनावों का जिक्र करते हुए चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग किया गया है। मंच से राजद प्रवक्ताओं ने आगामी चुनावों में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का आह्वान किया।

