रिपोर्टर: अजीत कुमार ठाकुर
Supaul : बिहार के सुपौल जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत किशनपुर और पिपरा थाना क्षेत्रों से कुल 84.250 किलोग्राम गांजा, 129 पीस प्रतिबंधित इंजेक्शन, एक कार और दो बाइक जब्त की गई हैं। इस दौरान पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जिसकी पहचान त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के बेलहा (वार्ड-01) निवासी विज्ञांशु कुमार (पिता- बलराम यादव) के रूप में हुई है।
कार से 84 किलो गांजा बरामद, बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी पुलिस
Supaul पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर किशनपुर थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध चार पहिया वाहन को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसमें से 84 किलो 250 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया और किशनपुर थाने में मामला दर्ज किया। अब पुलिस इस तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ते हुए यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था।
चेकिंग के दौरान बाइक सवार से 100 पीस नशीले इंजेक्शन जब्त
Supaul इसी अभियान के अंतर्गत किशनपुर पुलिस ने कमलजरी मार्ग के समीप गश्त के दौरान एक अन्य संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका। मोटरसाइकिल पर टंगे झोले की जब तलाशी ली गई, तो उसमें से 100 पीस प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। इस मामले में भी प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस इन इंजेक्शनों की सप्लाई चेन व अवैध वितरण नेटवर्क का पता लगा रही है।
पिपरा में 29 प्रतिबंधित इंजेक्शन के साथ तस्कर गिरफ्तार
Supaul नशे के खिलाफ तीसरी कार्रवाई पिपरा थाना क्षेत्र में हुई, जहाँ वाहन जांच के दौरान मोटरसाइकिल सवार विज्ञांशु कुमार को पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से 29 पीस प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के सौदागरों और तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

