Kanpur surgeon suicide:उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां कानपुर देहात के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में तैनात 47 वर्षीय जनरल सर्जन ने घरेलू कलह के चलते अपनी जान दे दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पत्नी के साथ हुए झगड़े के बाद डॉक्टर ने पूजा घर के सामने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम
Kanpur surgeon suicide:पुलिस के मुताबिक, मृतक सर्जन संदीप सिंह निराला नगर स्थित ब्लॉसम अपार्टमेंट में रहते थे। रविवार को किसी बात को लेकर उनका अपनी पत्नी कंचन के साथ तीखा विवाद हुआ था। बहस के बाद डॉक्टर ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली और सीधे घर के पूजा घर में चले गए। वहां पूजा स्थल के सामने बैठकर उन्होंने अपनी छाती में गोली मार ली।
गोली चलने की आवाज सुनकर पत्नी कंचन तुरंत कमरे की तरफ दौड़ीं, जहां डॉक्टर संदीप खून से लथपथ फर्श पर गिरे मिले थे। परिवार के लोग आनन-फानन में उन्हें रीजेंसी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल और डीसीपी (साउथ) दीपेंद्र नाथ चौधरी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से रिवॉल्वर को अपने कब्जे में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पहले भी हुई थी बातचीत, माता-पिता से रहते थे अलग
Kanpur surgeon suicide:मृतक के पिता राज बहादुर सिंह ने बताया कि उन्होंने रविवार रात करीब 9:30 बजे अपने बेटे से फोन पर बात की थी और उसका हाल-चाल जाना था। उस समय तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ ही देर बाद पति-पत्नी के बीच झगड़ा शुरू हो गया।
डॉक्टर संदीप अपनी पत्नी, चार साल की बेटी और एक छोटे बेटे के साथ अलग अपार्टमेंट में रह रहे थे, जबकि उनके माता-पिता और छोटा भाई लाल बंगला इलाके के परेडवनपुरवा में रहते थे।
दो शादियां और आपसी कलह
Kanpur surgeon suicide:परिजनों के अनुसार, डॉक्टर संदीप सिंह ने दो शादियां की थीं। उनकी पहली शादी साल 2007 में कानपुर की ही एक एमबीबीएस डॉक्टर से हुई थी, जो साल 2018 में आपसी सहमति से तलाक पर खत्म हो गई थी। इस पहली शादी से उनका एक 12 साल का बेटा भी है। इसके बाद, साल 2019 में उन्होंने कासगंज की रहने वाली कंचन से दूसरी शादी की थी।
परिवार का कहना है कि दूसरी शादी के बाद से ही संदीप और उनकी पत्नी कंचन के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर अनबन और क्लेश रहता था। कई बार परिवार के लोग बीच-बचाव कर उनके आपसी विवाद को सुलझाते भी थे। फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
read this:-शेखपुरा में दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर, चालक की मौके पर मौत; परिवार में मचा कोहराम

