रिपोर्टर: उपेन्द्र सिंह
Kanpur : उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से सनसनी फैल गई है। महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा इलाके में स्थित ‘निकोलस पिगमेंट्स एंड इंक फैक्ट्री’ में अचानक आग भड़क उठी। फैक्ट्री के भीतर रखे रसायनों (केमिकल) में लगातार हो रहे जोरदार धमाकों के कारण आसपास के क्षेत्रों में भारी दहशत का माहौल बन गया है। आग की ऊंची-ऊंची लपटें दूर से ही साफ देखी जा सकती हैं, जिससे स्थानीय निवासी अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर बाहर निकल आए हैं।


लगातार धमाकों से दमकल कर्मियों को आ रही परेशानी
Kanpur फैक्ट्री के अंदर रखे केमिकल और ज्वलनशील पदार्थों के कारण रुक-रुक कर तेज धमाके हो रहे हैं। धमाकों की तीव्रता इतनी अधिक है कि दमकल विभाग की गाड़ियों और कर्मियों को आग बुझाने के लिए फैक्ट्री के बिल्कुल करीब पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हालात को देखते हुए फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया है, जो सुरक्षित दूरी से पानी और फोम की बौछार कर आग पर काबू पाने की लगातार कोशिश कर रही हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) दीपक शर्मा और एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह समेत तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं।
सुरक्षा के मद्देनजर 100 मीटर का इलाका कराया गया खाली
Kanpur आग की भयंकर स्थिति और जहरीले धुएं को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत एहतियाती कदम उठाए हैं। सुरक्षा के लिहाज से घटनास्थल के आसपास की अन्य फैक्ट्रियों को भी तुरंत खाली करवा लिया गया है और वहां काम कर रहे कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता और स्थानीय लोगों को घटनास्थल से कम से कम 100 मीटर की दूरी पर रहने की सख्त हिदायत दी है ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
केमिकल की गंध से बढ़ी चिंता, राहत कार्य जारी
Kanpur फैक्ट्री में लगी भीषण आग के कारण वहां रखे केमिकल्स से निकलने वाली तीखी और हानिकारक गंध आसपास के आवासीय व औद्योगिक क्षेत्र में तेजी से फैल गई है। इससे स्थानीय लोगों और सांस के मरीजों की चिंता काफी बढ़ गई है। प्रशासन और फायर फाइटर्स की टीमें लगातार मशक्कत कर रही हैं। हालांकि, गनीमत यह रही कि खबर लिखे जाने तक इस भीषण हादसे में किसी के हताहत होने की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है।

