रिपोर्टर: मयंक गुप्ता
Gwalior : राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने रविवार को एक बड़े अंतर्राष्ट्रीय मानव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने म्यांमार मूल की 4 लड़कियों को सकुशल बरामद किया है, जिनमें 2 नाबालिग शामिल हैं। लड़कियों की खरीद-फरोख्त और तस्करी के आरोप में 2 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में इन लड़कियों को अवैध सीमा पार कराकर भारत लाने और जबरन शादी कराने की बात सामने आई है। मामले की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशीलता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को भी सूचित कर दिया गया है।

ट्रेन में संदिग्ध की सूचना पर GRP की त्वरित कार्रवाई, हैदराबाद से जुड़ा तार
Gwalior भोपाल GRP कंट्रोल रूम को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन नंबर 12643 ‘स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस’ के जनरल कोच में एक संदिग्ध व्यक्ति यात्रा कर रहा है, जो अवैध रूप से विदेशी लड़कियों की तस्करी में शामिल है। सूचना के आधार पर GRP थाना प्रभारी दीपशिखा सिंह तोमर ने पुलिस टीम के साथ ट्रेन में दबिश देकर मुबीन (25) नामक युवक को हिरासत में लिया। आरोपी मूल रूप से म्यांमार का निवासी है और पिछले चार वर्षों से हैदराबाद में शरणार्थी कार्ड (UNHCR) के सहारे रह रहा था।

अलीगढ़ में छापेमारी कर दूसरे आरोपी को पकड़ा, 4 लड़कियां बरामद
Gwalior आरोपी मुबीन से कड़ी पूछताछ के बाद पुलिस को इस रैकेट के दूसरे मास्टरमाइंड मोहम्मद हसन (35) का पता चला। GRP की विशेष टीम ने तत्काल उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में दबिश देकर मोहम्मद हसन को गिरफ्तार किया और उसके पास से 4 लड़कियों को मुक्त कराया। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वे बांग्लादेश के कॉक्स बाजार स्थित कुतुपालोंग शरणार्थी शिविर से लड़कियों को फुसलाकर लाते थे और जम्मू ले जाकर उनकी जबरन शादी कराने का धंधा चलाते थे।
नदी-पहाड़ों के रास्ते अवैध घुसपैठ, पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी साइबर सेल
Gwalior लड़कियों की भाषा समझने के लिए पुलिस को शुरुआत में ट्रांसलेटर और दुभाषिए की मदद लेनी पड़ी। पीड़ित लड़कियों ने बताया कि उन्हें दुर्गम पहाड़ी व नदी के रास्तों से चुपके से भारत की सीमा में दाखिल कराया गया था। फिलहाल चारों पीड़ितों को सुरक्षा और देखभाल के लिए शेल्टर होम भेज दिया गया है। GRP, साइबर सेल तथा केंद्रीय जांच एजेंसियां गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस अंतर्राष्ट्रीय गिरोह के अन्य सहयोगियों और स्थानीय संपर्कों की तलाश में जुटी हैं।

