Chhatarpur Jyoti Chaurasia murder case:मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई ज्योति चौरसिया नामक महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतका के पति और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पति ने अपने दोस्त के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात की साजिश रची थी।
महोबा की ओर भाग रहे थे आरोपी
Chhatarpur Jyoti Chaurasia murder case:एसपी रजत सकलेचा ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी पति लखन जोशी और उसका साथी सोनू कुशवाहा घटना को अंजाम देने के बाद उत्तर प्रदेश के महोबा की तरफ भागने की फिराक में थे। हालांकि, सतर्क पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार और वारदात में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली है।
जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि लखन जोशी और ज्योति चौरसिया मूल रूप से महाराजपुर क्षेत्र के रहने वाले थे और उन्होंने करीब 7-8 साल पहले प्रेम विवाह किया था।
बच्चों को अपने पास रखने को लेकर था विवाद
Chhatarpur Jyoti Chaurasia murder case:पुलिस पूछताछ में पता चला है कि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच पारिवारिक कलह चल रही थी। आरोपी पति यह जिद कर रहा था कि उनके बच्चे उसी के साथ रहें, जबकि पत्नी ज्योति इसके लिए बिल्कुल तैयार नहीं थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद बढ़ता जा रहा था। पुलिस का मानना है कि इसी रंजिश के चलते पति ने पत्नी को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
नाक काटने की नीयत से किया था हमला
Chhatarpur Jyoti Chaurasia murder case:पुलिस के अनुसार, आरोपी पति का शुरुआती बयान सामने आया है कि वह केवल अपनी पत्नी की नाक काटना चाहता था, लेकिन अचानक हुए हमले और चाकू के गहरे वार के कारण ज्योति की मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरी ओर, पुलिस को मीडिया और अन्य स्थानीय स्रोतों से इस मामले में जमीन विवाद का एंगल भी पता चला है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी पुख्ता तथ्य और वजह सामने आएगी, उसे आधिकारिक केस डायरी में शामिल किया जाएगा।

