Ujjain gang rape case:मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 16 वर्षीय नाबालिग स्कूली छात्रा के साथ पांच युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म (Gang Rape) किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद से ही पीड़िता और उसका परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में पांचों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है, जिनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
Ujjain gang rape case:पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता 26 सितंबर को अचानक अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत के आधार पर चिमनगंज थाना पुलिस ने तुरंत अपहरण का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। अगले दिन यानी 27 सितंबर को छात्रा जब घर लौटी, तो वह बेहद डरी हुई और गुमसुम नजर आ रही थी।
परिजनों को उसकी यह हालत देखकर चिंता हुई। जब उन्होंने बेटी से प्यार से पूछताछ की, तो वह फूट-फूटकर रोने लगी और आपबीती सुनाई।
दोस्तों के कमरे पर ले जाकर दिया वारदात को अंजाम
Ujjain gang rape case:पीड़िता ने परिजनों को बताया कि क्षेत्र में रहने वाले उसके एक परिचित युवक ने उसे मिलने के बहाने बुलाया था। इसके बाद वह उसे जीवाजीगंज थाना क्षेत्र स्थित अपने एक दोस्त के कमरे पर ले गया, जहां पहले से ही चार अन्य युवक मौजूद थे। आरोप है कि पांचों युवकों ने मिलकर नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने उसे जान से मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी थी, जिससे वह सहम गई थी।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारियां
Ujjain gang rape case:घटना की गंभीरता को देखते हुए 28 सितंबर को एक महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में पीड़िता के विस्तृत बयान दर्ज किए गए। ब बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया।
एडिशनल एसपी आलोक शर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपियों में पीपलीनाका क्षेत्र का रहने वाला एक युवक (लक्की) और एक नाबालिग शामिल है। दोनों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से बालिग आरोपी को जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग आरोपी को बाल संप्रेक्षण गृह (Juvenile Home) भेज दिया गया है।
तीन आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर
Ujjain gang rape case:इस सनसनीखेज मामले में तीन अन्य आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि वे बालिग हैं या नाबालिग। इसके साथ ही पुलिस आरोपियों के परिजनों से भी पूछताछ कर रही है। मध्य प्रदेश में इस प्रकार की घटनाओं के सामने आने से एक बार फिर महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

