Sitamarhi electrocution incident:बिहार के सीतामढ़ी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के बैरगनिया प्रखंड अंतर्गत अख्ता पश्चिमी चकवा पंचायत के तकिया टोला (वार्ड नंबर-5) में शनिवार सुबह करंट प्रवाहित खुले बिजली के तार की चपेट में आने से तीन ग्रामीणों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में दो से तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान और घटना का कारण
Sitamarhi electrocution incident:पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान इस्लाम मंसूरी, उनकी पत्नी रुबैदा खातून और अस्मत अली के रूप में हुई है। सुबह के समय तड़के ये ग्रामीण अपनी खोई हुई भैंस की तलाश में घरों से बाहर निकले थे। कोहरे और अंधेरे के कारण वे खेत में बिछाए गए नंगे बिजली के तारों को देख नहीं पाए और उनकी चपेट में आ गए।
जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए बिछाया गया था जाल?
Sitamarhi electrocution incident:घटनास्थल पर दो जंगली सूअर भी मृत अवस्था में मिले हैं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि फसलों को जंगली जानवरों से सुरक्षित रखने के लिए खेत में अवैध रूप से बिजली के तार दौड़ाए गए थे। हालांकि, इन तारों को किसने और किस उद्देश्य से लगाया था, इसकी स्पष्ट पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
इलाके में पसरा मातम और ग्रामीणों का आक्रोश
Sitamarhi electrocution incident:एक ही गांव के तीन लोगों की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है और पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक वाकये के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में भारी दहशत के साथ-साथ गहरा आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।
पुलिस प्रशासन का बयान
Sitamarhi electrocution incident:बैरगनिया थाना के अध्यक्ष अरविंद गिरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि फसलों को जंगली सुअरों से बचाने के उद्देश्य से बिजली का तार लगाया गया था, जिसकी चपेट में आने से यह दुर्घटना हुई। पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।

