Kanpur Sub Inspector Suspended:उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक पुलिसकर्मी की अनुशासनहीनता का मामला सामने आया है। कानपुर के ककवन थाना क्षेत्र में डायल 112 की पीआरवी (PRV) पर तैनात एक दारोगा का नशे की हालत में सड़क पर हंगामा करते और लोगों से उलझते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उच्च अधिकारियों ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी दारोगा को निलंबित कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
Kanpur Sub Inspector Suspended:प्राप्त जानकारी के अनुसार, ककवन थाना क्षेत्र में पीआरवी-4820 पर तैनात उपनिरीक्षक (एसआई) शिव कुमार द्विवेदी किसी युवक को घर छोड़ने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि उस दौरान दारोगा ने अत्यधिक शराब पी रखी थी और वह सादे कपड़ों में थे। मौके पर पहुंचने के बाद उनकी कुछ स्थानीय लोगों के साथ तीखी बहस हो गई और उन्होंने सड़क पर काफी देर तक हंगामा किया। वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप
Kanpur Sub Inspector Suspended:सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले का संज्ञान लेते हुए सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) कर्नलगंज अंजना दहिया ने जांच के आदेश दिए। प्रारंभिक जांच और वीडियो की सत्यता की पुष्टि होने के बाद पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) कमिश्नरेट कानपुर नगर के आदेशानुसार उपनिरीक्षक शिव कुमार द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
विभाग ने शुरू की विभागीय जांच
Kanpur Sub Inspector Suspended:पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्दी पहनकर या पुलिस विभाग में रहते हुए ऐसी अनुशासनहीनता और अमर्यादित आचरण को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निलंबित दारोगा के खिलाफ विभागीय जांच (Departmental Inquiry) भी शुरू कर दी गई है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

