Car driver:हरियाणा के गुरुग्राम की तर्ज पर अब मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी एक महिला बाइक राइडर के साथ सड़क पर सरेआम दबंगई और बदसलूकी का मामला सामने आया है। कार सवार युवकों ने न सिर्फ महिला राइडर का पीछा किया, बल्कि उसे डराने-धमकाने की भी कोशिश की। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
Car driver:यह सनसनीखेज घटना भोपाल की फीमेल बाइक राइडर आबिदा राना के साथ हुई। शिकायत के अनुसार, यह मामला 2 अगस्त का है, जब आबिदा अपनी बाइक से घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान एक कार चालक ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। कार कभी उनकी बाइक के बेहद करीब आ जाती तो कभी आगे-पीछे चलती, जिससे असहज स्थिति पैदा हो गई।
जब आबिदा ने इसका विरोध किया, तो कार सवारों ने उनके साथ गाली-गलौज और बदसलूकी की। हालांकि, आबिदा की बाइक पर कैमरे (गोप्रो/डैशकैम) लगे होने के कारण यह पूरी वारदात उसमें कैद हो गई। जैसे ही आबिदा ने आरोपियों को पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी दी, वे वहां से रफूचक्कर हो गए।
थाने में शिकायत और आरोपी की लिखित माफी
Car driver:घटना के बाद आबिदा ने हिम्मत दिखाते हुए 4 अगस्त को भोपाल के निषातपुरा थाने में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार चालक अर्जुन सिंह मीणा और उसके दोस्त नितेश माहेश्वरी को तलब किया।
दबाव बढ़ने और गलती का अहसास होने पर आरोपी ने थाने में लिखित माफी मांगी। माफीनामे में आरोपी ने सफाई देते हुए लिखा कि वे लंबाखेड़ा से करोंद की तरफ जा रहे थे और उन्हें अंदाजा नहीं था कि बाइक पर कोई महिला है, जिसके चलते विवाद हुआ। फिलहाल, लिखित माफी के बाद मामले का निपटारा कर लिया गया है, लेकिन सड़क सुरक्षा और महिलाओं के साथ हो रही ऐसी घटनाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

