ShamliShamli
Spread the love

रिपोर्टर: योगेन्‍द्र सिंह

Shamli : प्रसिद्ध हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश की शामली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे दो संदिग्ध शूटरों की धरपकड़ तेज कर दी है। पुलिस प्रशासन ने दोनों अभियुक्तों की सूचना देने वालों के लिए इनामी राशि को दोगुना करते हुए 1-1 लाख रुपये करने की घोषणा की है।

इनामी राशि 50 हजार से बढ़ाकर की गई 1 लाख

Shamli शामली के पुलिस अधीक्षक (SP) नरेंद्र प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा निवासी दो नामजद आरोपियों—आर्यन और सत्यम—की गिरफ्तारी के लिए पहले 50-50 हजार रुपये का इनाम तय किया गया था। अब पुलिस ने इस राशि को बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दिया है। पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और अंतरराज्यीय स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

जिम के बाहर अंधाधुंध फायरिंग कर की गई थी हत्या

Shamli गौरतलब है कि 26 अगस्त को 32 वर्षीय गायक अंकित बालियान जब शामली में एक जिम से निकलकर अपनी गाड़ी की ओर बढ़ रहे थे, तभी दो दोपहिया वाहनों पर सवार होकर आए चार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी थीं। गंभीर रूप से घायल अंकित की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस की शुरुआती जांच में इस वारदात को एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा बताया गया था।

एनकाउंटर में दो शूटर ढेर, राजनीतिक हस्तियों ने जताया शोक

Shamli इस हत्याकांड में शामिल दो मुख्य शूटरों—मोहित और सुमित—को शामली पुलिस ने 31 अगस्त को हुई एक मुठभेड़ में मार गिराया था, जिनके पास से हथियार व कारतूस जब्त किए गए थे। घटना के बाद केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई प्रमुख नेताओं ने पीड़ित परिवार से संपर्क कर संवेदना व्यक्त की है। वहीं परिजनों ने शेष बचे आरोपियों पर भी कड़ी से कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़े: बिहार में परीक्षा सुधार एक्सपर्ट कमेटी का गठन: छात्र सत्याग्रह ने बताया ऐतिहासिक कदम, शेष मांगों पर दिया जोर